केंद्र सरकार की विदेश नीति फ्लॉप, बोले तेजस्वी यादव- पेट्रोल-डीजल के बढ़ेंगे दाम
तेजस्वी ने कहा कि सरकार को केवल अपने से मतलब है, उसे देश कोई मतलब नहीं है। देश की विदेश नीति फ्लॉप रही है। जब पाकिस्तान से युद्ध हो रहा था तो उस समय पड़ोसी मुल्क हमारे साथ खड़ा नहीं था।
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि केंद्र सरकार की गलत विदेश नीति के कारण ही देश में लोगों को परेशानी हो रही है। गैस और पेट्रोल के लिए लोग परेशान हैं। आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ेंगे। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि सरकार को केवल अपने से मतलब है, उसे देश कोई मतलब नहीं है। देश की विदेश नीति फ्लॉप रही है। जब पाकिस्तान से युद्ध हो रहा था तो उस समय पड़ोसी मुल्क हमारे साथ खड़ा नहीं था। हकीकत है कि एनडीए राज में विदेश नीति चौपट हो चुकी है। पीएम निजी नीति की तर्ज पर काम कर रहे हैं।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है। पुलिस का काम अपराध रोकना है, लेकिन मुजफ्फरपुर के गायघाट में एक निर्दोष की हत्या कर दी है। हत्या करने वाले वहां के थानेदार हैं। सुनने में आ रहा है कि उन्होंने शराब पी रखी थी और गोली चला दी। इस घटना से यह साफ हो गया है कि पुलिस-प्रशासन का इकबाल कम हो चुका है। पुलिस पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। अराजकता का माहौल है। हर दिन गोलीबारी हो रही है। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। बिहार में हाहाकार मचा है। घटना में सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
तेजस्वी ने कहा कि गायघाट प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए क्योंकि पुलिस की कार्यशैली संदेह के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसूखदार नेताओं के संरक्षण के कारण ही आरोपी पुलिस अधिकारी पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला और दोषी दरोगा की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगा।
सरकार को पश्चिम एशिया संकट पर विपक्ष का साथ
इधर पश्चिम एशिया संकट पर बुधवार को संसद भवन में सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में एकजुटता दिखाते हुए विपक्ष ने सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का समर्थन किया।पौने दो घंटे चली बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि विपक्ष को पश्चिम एशिया संकट पर पर्याप्त जानकारी दी गई। विपक्षी नेताओं ने भी विश्वास दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वो सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी दिए जाने के बाद विपक्ष को और जानकारी मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सूत्रों का कहना है कि सरकार की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ वार्ता हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा,युद्ध नहीं चाहिए। यह संदेश वैश्विक मंच पर भारत की शांति और संतुलन की नीति स्पष्ट करता है। विदेश सचिव ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय स्थिति और भारत के हितों पर प्रेजेंटेशन भी दिया।




साइन इन