Tejashwi Yadav meets Muzaffarpur rape vicitm family says girl was recovering could have been saved बच्ची ठीक हो रही थी, समय पर इलाज मिलता तो बच जाती; रेप पीड़िता के घर पहुंचे तेजस्वी से बोला परिवार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बच्ची ठीक हो रही थी, समय पर इलाज मिलता तो बच जाती; रेप पीड़िता के घर पहुंचे तेजस्वी से बोला परिवार

मुजफ्फरपुर जिले में बलात्कार के बाद 9 साल की बच्ची की पीएमसीएच में बेड न मिलने से मौत होने के बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से मंगलवार को मुलाकात की। इस दौरान परिवार वालों ने कहा कि उनकी बच्ची ठीक हो रही थी, अगर समय पर इलाज मिलता तो उसकी जान बच जाती।

Tue, 3 June 2025 04:25 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share
बच्ची ठीक हो रही थी, समय पर इलाज मिलता तो बच जाती; रेप पीड़िता के घर पहुंचे तेजस्वी से बोला परिवार

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी में रेप पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरी घटना के बारे में जानकारी ली। परिवार ने उन्हें बताया कि पटना के पीएमसीएच में उनके साथ क्या हुआ था और कैसे बच्ची की मौत हो गई थी। परिवार वालों ने तेजस्वी से कहा कि पीएमसीएच में बड़ी लापरवाही हुई। मुजफ्फरपुर से जब पीड़ित बच्ची को रेफर किया गया, तब उसकी रिकवरी हो रही थी। मगर पीएमसीएच में समय पर भर्ती नहीं किया गया, जिससे उसकी जान चली गई।

पीड़ित परिवार ने कहा कि मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर उसे पटना रेफर कर दिया था। मुजफ्फरपुर में बच्ची की रिकवरी हो रही थी। घर वालों को भरोसा हो गया कि वह बच जाएगी। फिर वे उसे पटना लेकर गए। पीएमसीएच पहुंचे तब वहां के मैनेजर ने उनसे पैसा मांगा। 4-5 घंटे तक उन्हें इंतजार कराया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रेप पीड़िता की मौत पर पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन; इलाज में देरी का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बच्ची को समय पर अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। अस्पताल में अलग-अलग वार्डों में उन्हें घुमाया गया। तब तक बच्ची एंबुलेंस में ही रही। एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने लगी। जब अस्पताल वालों से कहा, तो 2500 रुपये मांगे। फिर हंगामा हुआ तो बच्ची को एडमिट किया गया। भर्ती करने के बाद भी उसका इलाज नहीं शुरू किया गया। बहुत देर बाद इलाज शुरू हुआ, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। आखिर में बच्ची ने दम तोड़ दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर रेप पीड़िता के इलाज में PMCH हुई लापरवाही? जांच के लिए बनी टीम

पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार के यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार कौन-सा नशा करके सोई हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कुछ पता नहीं कि उनके बिहार में गरीब और दलित परिवार के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में सबसे ज्यादा बच्चियों के साथ खासकर दलितों से शोषण हो रहा है।

तेजस्वी बोले- नीतीश और मंगल पांडेय यहां आएं

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को यहां आकर पीड़ित परिवार से मिलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सीएम को यहां आना चाहिए। जिस बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई, उसके परिवार वाले बहुत गरीब हैं। दूसरों के यहां मजदूरी कर पेट पालते हैं। झोपड़ी में वह रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री को यहां आकर इनकी बात सुननी चाहिए, फिर ऐक्शन लेना चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मंत्री के पीए अस्पताल में बेड बेच रहे, हर जिले में रेप हो रहे; भड़के तेजस्वी

यह है मामला

26 मई को मछली बेचने वाला एक युवक 9 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले गया। उसने वहां उसका रेप किया, फिर धारदार हथियार से उसकी गर्दन और छाती पर वार कर दिया। परिवार वालों को लहुलूहान हालत में बच्ची मिली तो उसे अस्पताल ले गए। उसका मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच में इलाज किया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। मगर पटना के पीएमसीएच में समय पर बेड न मिलने से उसकी मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दलित बच्ची की बलात्कार के बाद मौत पर गर्म हुईं मायावती, बोलीं- बिहार कब बदलेगा

बच्ची दलित एवं बहुत गरीब परिवार से थी। अब इस मुद्दे ने सियासी तूल पकड़ लिया है। बीत दो दिनों से कांग्रेस नीतीश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। अब तेजस्वी यादव भी हमलावर हो गए हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले इस कांड ने कानून एवं स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।