नीतीश ने जेडीयू का सीएम नहीं बनाया तो दुर्गति हो जाएगी; पप्पू यादव बोले- खंजर न मारे बीजेपी
ने कहा कि नीतीश कुमार को जिस तरह से घेरा गया है वह गलत है। उन्हें बिहार नहीं छोड़ना चाहिए। बिहार की जनता चाहती है कि जिसे मत दिया वही मुख्यमंत्री रहे।

Pappu Yadav News: बिहार सीएम नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफे पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद सह कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) पर तीखा वार किया है। कहा है कि नीतीश कुमार या तो बिहार नहीं छोड़ें या जदयू से किसी और को अपनी सीट के लिए नामित करके जाएं। ऐसा नहीं हुआ तो बीजेपी और जदयू दोनों की दु्र्गति हो जाएगी। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया है।
पप्पू यादव ने कहा है कि दिल्ली अभी दूर है, थोड़ा इंतजार कीजिए। बीजेपी के सारथी लोग इतना क्यों परेशान हैं? वोट नीतीश कुमार के नाम पर लिए हैं तो बीच में बिहार की जनता को खंजर क्यों भोंक रहे हैं। अभी विधान परिषद से इस्तीफा दिया है। आगे देखते रहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को जिस तरह से घेरा गया है वह गलत है। उन्हें बिहार नहीं छोड़ना चाहिए। बिहार की जनता चाहती है कि जिसे मत दिया वही मुख्यमंत्री रहे। जब जदयू के 43 सीट थे तब भी वे सीएम थे। जनता से नरेंद्र मोदी के नाम पर भी वोट नहीं ली गयी है। बिहार में नीतीश कुमार का नाम चलता है।
पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार का चरित्र और चिंतन गांधी जी और कर्पूरी ठाकुर से मिलती है। वे एक आदर्श नागरिक, आदर्श नेता और बेहतरीन इंसान हैं। बिहार छोड़ने से पहले उन्हें जनता दल यूनाइटेड से किसी को सीएम पद के लिए नामित कर देना चाहिए। उन्होंने नीतीश कुमार के इस्तीफे को राजनीति से प्रेरित बताया। कहा कि बीजेपी ने इसका प्लॉट तैयार किया है लेकिन भाजपा से किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाया गया तो जनता दल यूनाइटेड और भाजपा दोनों की दुर्गति हो जाएगी।
नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। नियमानुसार 14 दिनों में उन्हें बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना जरूरी था। इसे देखते हुए उन्होंने सोमवार को सभापति अवधेश नारायण सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय हो गया है। अगर वे सीएम पद से त्यागपत्र देकर दिल्ली की राजनीति में शिफ्ट हो जाते हैं तो बिहार में 20 सालों से चल रहे एक राजनैतिक युग का अंत हो जाएगा। हालांकि, अभी तक उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है।
नीतीश कुमार इस्तीफा देते हैं तो बिहार में नई सरकार का गठन लाजमी हो जाएगा। नया सीएम कौन होगा इस पर मंथन जारी है। माना जा रहा है कि सरकार की कमान अब बीजेपी के हाथों में जाएगी। सीएम कौन बनेगा, यह अभी तय नहीं है। नई सरकार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की अहम भूमिका हो सकती है। उन्हें डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है।




साइन इन