जात देखकर एनकाउंटर करवा रहे सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव का आरोप; सीएम से पूछा- रेपिस्ट कब ढेर होंगे?
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार की एनडीए सरकार जाति देखकर एनकाउंटर करवा रही है। उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी से पूछा कि महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप करने वाले अपराधियों का एनकाउंटर कब होगा?

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जाति देखकर एनकाउंटर करवा रही है। उन्होंने सीएम से सवाल किया है कि महिलाओं के साथ बलात्कार करने वाले रेपिस्ट जैसे अपराधियों का एनकाउंटर कब होगा। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद बिहार में अपराध तेजी से बढ़ गए हैं। रोजाना महिलाओं और बच्चियों का रेप और मर्डर हो रहा है। उन्होंने बीते एक महीने की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने मंगलवार को पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार की महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार बने एक महीने से ज्यादा समय हो गया है।गृह विभाग सीएम के पास ही है। यह सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है। मगर जो सच्चाई यह है कि सम्राट सरकार में महिलाओं से अपराध तेजी से बढ़ गए हैं।
मंत्रियों पर क्रिमिनल केस चल रहे- तेजस्वी
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं पर अपराधी कहर बनकर टूट रहे हैं। सम्राट सरकार फेल हो रही है। आंकड़े चिंताजनक हैं। ऐसा कोई दिन नहीं है, जब माता-बहनों और बच्चियों से अपराध नहीं हो रहा। गैंगरेप और बलात्कार के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। आरजेडी नेता ने यह भी सरकार में बैठे कई ऐसे मंत्री हैं, जिन पर आपराधिक केस चल रहे हैं।
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी के सीएम पद की शपथ लेने के बाद एक महीने (15 अप्रैल से 15 मई के बीच) बिहार के विभिन्न जिलों में महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप, अपहरण और हत्याकांड के मामलों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हमने सिर्फ महिलाओं के साथ हुई आपराधिक घटनाओं का ही जिक्र किया है। इसके अलावा भी कई लोगों की हत्याएं, लूट और अपहरण हो चुके हैं।
जाति देखकर एनकाउंटर हो रहा- तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। तेजस्वी ने सीएम से पूछा, "क्या सम्राट चौधरी विशेष जात देखकर एनकाउंटर करवा रहे हैं। हमने जितनी घटनाएं गिनाईं उनका एनकाउटंर कब होगा। बालिका गृह कांड वाले इनके मार्गदर्शक बने हुए हैं, उनका एनकाउंटर कब होगा। आप दुष्कर्म करने वालों की जाति देखो और जिसका दुष्कर्म हुआ उसकी भी जाति देखो। महिलाओं को कब न्याय मिलेगा?"
तेजस्वी ने कहा कि बिहार की 65 प्रतिशत महिलाओं को खून की कमी है। जीविका दीदी को रसोई गैस सिलेंडर मिलना बंद हो गया है। महिलाओं को पौष्टिक आहार नहीं मिल रहा है। एनडीए सरकार ने बिहार चुनाव से पहले दो करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये दिए थे। उन्होंने सवाल किया कि सरकार इस योजना की दूसरी किस्त कब देगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एनडीए सरकार बने 6 महीने हो गए हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने बिहार को कोई सहयोग नदीं दिया। बिहार सरकार 71 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी में है। तेजस्वी ने कहा कि यह सरकार केवल रील बनाने और फोटो शूट करने का ही काम कर रही है।
पिछले 1 महीने में यहां हुए एनकाउंटर, दो अपराधी ढेर, बाकी को लंगड़ा किया -
- 22 अप्रैल को पटना में ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी दिलीप कुमार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, आरोपी के पैर में गोली लगी
- 26 अप्रैल को नवादा में हत्याकांड के आरोपी मिंटू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में उसे पैर में गोली मारकर पकड़ा
- 29 अप्रैल को भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड के आरोपी रामधनी यादव पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ
- 30 अप्रैल को सीवान में भाजपा नेता के भांजे की हत्या का आरोपी छोटू यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
- 3 मई को इसी मामले में दूसरे आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में पुलिस ने पकड़ा, उसे पैर में गोली लगी
- 13 मई को शूटर विदेशी राय को पटना में पुलिस ने लंगड़ा कर दबोचा
- 18 मई को पटना में लूटकांड के आरोपी संदीप और उसके साथी को पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचा, एक को गोली लगी, इसी दिन सीवान में भी ज्वेलरी लूट के मामले में आरोपी अंकित सिंह का हाफ एनकाउंटर किया गया
- 19 मई को कैश वैन से 27 लाख की लूट के आरोपी नीतीश कुमार को पटना में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, उसके पैर में गोली लगी




साइन इन