उपचुनाव में जीत से तेजस्वी यादव का जोश हाई, बोले- बैलेट पेपर से वोटिंग में एनडीए कहीं नहीं टिकेगा
बिहार एमएलसी उपचुनाव में आरजेडी की जीत पर तेजस्वी यादव गदगद हैं। उन्होंने दावा किया है कि अगर ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से वोटिंग होती तो बिहार विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी और महागठबंधन की बड़ी जीत होती।

बिहार विधान परिषद के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की जीत पर तेजस्वी यादव का जोश हाई हो गया है। उन्होंने दावा किया है कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव होगा, तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एनडीए कहीं टिकने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम से वोटिंग होने पर सरकार में बैठे लोग छल-कपट करते हैं। उन्होंने सभी चुनाव बैलेट पेपर से ही कराने की मांग की है। बता दें कि भोजपुर बक्सर स्थानीय प्राधिकार एमएलसी सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी ने जेडीयू को हराकर सीट छीन ली।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा, "भोजपुर बक्सर एमएलसी उपचुनाव में आरजेडी के सोनू राय की भारी मतों से जीत हुई है। एनडीए को करारी हार का सामना करना पड़ा। आरजेडी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। यह चुनाव बैलेट से हुआ। अगर बैलेट से चुनाव होगा तो भाजपा और एनडीए कहीं टिकने वाला नहीं है।"
आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि पिछले साल हुआ बिहार विधानसभा का चुनाव बैलेट पेपर से होता, तो आरजेडी और महागठबंधन को 150 से भी ज्यादा सीटें मिलतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोगों ने मशीन के साथ छल-कपट करके हमें हराने का काम किया।
‘ईवीएम से भी आधी रात तक मतगणना, तो फिर बैलेट पेपर ही ठीक’
तेजस्वी ने ईवीएम पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी जब मशीन से वोटों की गिनती होती है, तो पूरा दिन लग जाता है। रात के एक-दो बजे तक मतगणना चलती रहती है। पहले भी वही होता था, तो कोई फर्क नहीं है। जब ईवीएम में भी मतगणना का समय उतना ही लग रहा है, तो बैलेट पर ही वोटिंग क्यों नहीं कराई जाती है। उन्होंने ने कहा कि बैलेट से वोटिंग होने पर परिणाम सभी जानते हैं, एनडीए और भाजपा कहीं टिकने वाली नहीं है।
आरजेडी ने जेडीयू से छीनी एमएलसी सीट
भोजपुर बक्सर स्थानीय प्राधिकार एमएलसी सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को घोषित कर दिए गए। आरजेडी के प्रत्याशी सोनू राय ने जेडीयू के कन्हैया प्रसाद को 350 से अधिक वोटों से हरा दिया। आरजेडी ने जेडीयू से यह सीट छीन ली है।
पहले इस सीट से जेडीयू के राधाचरण साह एमएलसी थे। उनके संदेश सीट से जेडीयू का विधायक बनने के बाद यह विधान परिषद की यह सीट खाली हो गई थी। उपचुनाव में जेडीयू ने राधाचरण के बेटे कन्हैया प्रसाद को एनडीए प्रत्याशी के रूप में उतारा। हालांकि, राधाचरण अपने बेटे को एमएलसी नहीं बना सके।




साइन इन