तेज प्रताप यादव ने फिर एक पत्रकार को अंदर चलकर 2 मिनट बात करने को कहा, VIDEO भी बना डाला
पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने फिर एक पत्रकार को दो मिनट अंदर चलकर बात करने कहा है। उनके यूट्यूब चैनल पर इसका वीडियो डाला गया है। वो ऐसा पहले भी कर चुके हैं।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव द्वारा परिवार और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से बाहर कर दिए गए उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने फिर एक पत्रकार को दो मिनट अंदर चलकर बातचीत करने कहा है। तेज प्रताप यादव ने अपने नए यूट्यूब चैनल पर इस प्रकरण का वीडियो भी डाला है और आरोप लगाया है कि ‘जयचंद’ के इशारों पर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। बता दें कि तेज प्रताप यादव अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के साथी संजय यादव को जयचंद नाम से बुलाते हैं, जो राजद के सांसद हैं और उनके भाई के सलाहकार भी। तेज प्रताप यादव ने जयचंद पर महुआ में हरवाने का भी आरोप लगाया, जहां से वो अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के उम्मीदवार बनकर लड़े और तीसरे नंबर पर रहे थे।
तेज प्रताप यादव ने अपने यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो डाला है, जिसमें वो अपने सरकारी घर के बाहर माइक और मोबाइल लेकर वीडियो बना रहे एक पत्रकार को जयचंद का आदमी बताकर उसे धमकाते नजर आ रहे हैं। तेज प्रताप यादव वीडियो बना रहे पत्रकार से पूछते हैं कि क्या बात है, तो पत्रकार बताता है कि वह राबड़ी देवी का मौजूदा सरकारी आवास खाली करने वाले नोटिस पर न्यूज बना रहा है। इसके बाद तेज प्रताप शुरू हो जाते हैं। कहने लगते हैं- जयचंद के कहने पर बदनाम करने आए हैं, रात-दिन यहां खड़ा रहते हैं, जयचंद से पैसा लेकर हमारे खिलाफ साजिश रच रहे हैं। पत्रकार को तेज प्रताप यादव यह धमकी देकर अपने आवास में लौट जाते हैं कि पुलिस को बुलाकर एफआईआर करेंगे।
तेज प्रताप यादव इसके बाद पत्रकार से कहते हैं कि कैमरा और माइक रखकर अंदर चलिए, दो मिनट बात करनी है। इसके बाद तेज प्रताप दो मिनट अंदर चलकर बात करने वाले अपने पुराने बयान का वीडियो बीच में लगा देते हैं, जो उन्होंने विधानसभा में दिया था और कहा था कि- आप लोग तो दो मिनट का मतलब जानते ही हैं। तेज प्रताप उस पुराने बयान के जरिए जिस घटना का इशारा कर रहे हैं, उसमें कुछ समय पहले एक यूट्यूब पत्रकार को उन्होंने इसी तरह कैमरा बंद करके 2 मिनट बात करने के लिए अंदर चलने कहा था। तेज प्रताप की मंशा को लेकर आशंका के बाद तब वह पत्रकार उनके आवास से बाहर निकल गया था।




साइन इन