गर्मी की छुट्टी में भी टीचर हेडक्वार्टर में मौजूद रहेंगे, बिहार में सम्राट चौधरी सरकार का फरमान
शिक्षा विभाग ने कहा है कि छुट्टी के दौरान शिक्षकों को अपना मोबाइल फोन चालू रखना होगा। ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सूचित कर बुलाया जा सके। इसके अलावा शिक्षा विभाग स्तर से जारी कई निर्देशों का अनुपालन भी विद्यालय स्तर पर कराया जाना है।

बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के एक ताजा फरमान की काफी चर्चाा हो रही है। दरअसल नए फरमान में कहा गया है कि राज्य के सरकारी स्कूलों में गर्मी छुट्टी के दौरान भी शिक्षकों को आवश्यकतानुसार मुख्यालय में उपस्थित रहना होगा। इधर इसे लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिया है। सम्राट चौधरी सरकार के शिक्षा विभाग ने कहा है गर्मी की छुट्टी के दौरान विभागीय कार्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन के लिए शिक्षकों की उपलब्धता आवश्यक होगी। मालूम हो कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में एक से 20 जून तक गर्मी की छुट्टी है। इस अवधि में राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाएं होनी हैं। इन परीक्षाओं में शिक्षकों की वीक्षक सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भूमिका रहती है।
विभाग ने कहा है कि छुट्टी के दौरान शिक्षकों को अपना मोबाइल फोन चालू रखना होगा। ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सूचित कर बुलाया जा सके। इसके अलावा शिक्षा विभाग स्तर से जारी कई निर्देशों का अनुपालन भी विद्यालय स्तर पर कराया जाना है। इसे देखते हुए सभी शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे ग्रीष्मावकाश अवधि में जरूरत के अनुसार अपने मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी शिक्षक को आकस्मिक या अपरिहार्य कारणों से मुख्यालय छोड़ना आवश्यक हो, तो वे सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही मुख्यालय छोड़ेंगे। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रोफाइल अपडेट करने के लिए शिक्षकों के पास अंतिम मौका
इधर बिहार में ई-शिक्षा कोष पर अपना टीचरों को अपना प्रोफाइल अपडेट करने का अंतिम मौका मिला है। दरअसल ई-शिक्षा कोष पर पांच लाख से अधिक शिक्षकों को अपना प्रोफाइल अपडेट करना था। समीक्षा में सामने आया कि अब भी बड़ी संख्या में शिक्षकों का प्रोफाइल अपडेट नहीं है। बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक हैं जिनके प्रोफाइल में कई सूचनाएं नहीं भरी गई हैं। अब प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने निर्देश दिया है कि 54 अनिवार्य फील्ड को भरा जाना जरूरी है।
आवासीय पता आदि को शिक्षक खुद भी अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए आवासीय प्रमाण पत्र को भी अपलोड करना होगा। 54 अनिवार्य फील्ड को भरकर शिक्षक अपना प्रोफाइल अपडेट करेंगे। शिक्षकों के प्रोफाइल को अपडेट करने का अंतिम मौका मिला है। पांच जून तक का अल्टीमेटम सभी शिक्षकों को दिया गया है। पंजीकरण, पदस्थापना विवरणी, व्यक्तिगत सूचना में त्रुटि रहने पर डीपीओ सत्यापन करेंगे। डीपीओ के सत्यापन के बाद ही शिक्षकों का प्रोफाइल अपडेट हो सकेगा।




साइन इन