Bihar Weather: बिहार में बीते राहत के दिन, पांच दिनों तक बढ़ेगा तापमान और लू चलेगी; आज कहां वज्रपात
Bihar Weather: सोमवार को पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में आंशिक बादल के साथ तपिश बढ़ने के आसार हैं। रोहतास, भभुआ, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद में मौसम गर्म रहने की संभावना है। दो जून से ही मौसम में बदलाव का असर दिखने लगेगा।
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा। तीन जून से फिर से सूबे में पछुआ का जोर चलेगा और पुरवाई सिमटेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में तापमान में तेजी से वृद्धि का पूर्वानुमान है। राज्य में कुछ जगहों पर लू चलेगी तो कई जगहों पर लू जैसे हालात बनने के आसार हैं। दो जून से ही मौसम में बदलाव का असर दिखने लगेगा। कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान में सोमवार से चार से आठ डिग्री का अंतर आ सकता है।
सोमवार को पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में आंशिक बादल के साथ तपिश बढ़ने के आसार हैं। रोहतास, भभुआ, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद में मौसम गर्म रहने की संभावना है। वहीं, उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ जगहों पर 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। रविवार को 37 किमी प्रतिघंटा नालंदा में हवा की रफ्तार दर्ज की गई। समस्तीपुर में 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
रविवार को पटना सहित राज्य भर में अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री बीच बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना में भी लोगों ने गर्मी महसूस की। पटना का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित शेष जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। हालांकि पटना में तापमान के सामान्य बना रहा।
भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो भागलपुर जिले में सोमवार से धीरे-धीरे दिन का पारा चढ़ेगा और गर्मी से ज्यादा उमस लोगों को परेशान करेगी। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में (चार जून तक) केरल पहुंच सकता है। सोमवार से लेकर चार जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूप-छांव के बीच गर्मी व उमस लोगों के पसीने छुड़ाएगी। चार जून तक दिन का पारा 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा, जबकि रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
गयाजी में उमस वाली गर्मी
गयाजी जिले में आंधी-पानी के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज धीरे-धीरे तल्ख होता जा रहा है। गर्मी के साथ तापमान भी बढ़ रहा है। पुरवैया चलने व नमी के बीच धूप निकलने से उमस वाली गर्मी है। रविवार की सुबह बादल छाए रहे। दिनभर धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी जारी रही। इस कारण भीषण गर्मी से राहत रही। अगले दो-तीन दिनों में बादल या बारिश का अनुमान नहीं है। धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी।
पूर्णिया में मौसम का हाल
रविवार को पूर्णिया जिले के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में तीन डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम अनुकूल रहने से किसानों को मक्का सुखाने और भंडारण की प्रक्रिया पूरी करने में सहूलियत मिलेगी। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार सप्ताह के अधिकांश दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि 1 जून और 6 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों हल्की बारिश या मौसम में बदलाव की संभावना बनी रह सकती है।




साइन इन