Due to iran america war bihar panchayat chunav affected chip not coming for evm ईरान- अमेरिका युद्ध से बिहार पंचायत चुनाव की तैयारियों में खलल, चिप आने में हो गई देरी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

ईरान- अमेरिका युद्ध से बिहार पंचायत चुनाव की तैयारियों में खलल, चिप आने में हो गई देरी

नई ईवीएम की आपूर्ति में देरी से पंचायत चुनाव को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम में देरी होगी। आयोग के अनुसार, अभी नई ईवीएम को लेकर नगर निकाय चुनाव के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। वे संबंधित जिलों में जाकर मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण देंगे।

Mon, 1 June 2026 07:37 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
ईरान- अमेरिका युद्ध से बिहार पंचायत चुनाव की तैयारियों में खलल, चिप आने में हो गई देरी

बिहार में पंचायत आम चुनाव को लेकर नई मल्टी पोस्ट एस-3 ईवीएम की आपूर्ति प्रभावित हुई है। चुनाव की तैयारी पर ईरान-अमेरिका युद्ध का असर पड़ा है। नई मल्टी पोस्ट ईवीएम एस-3 का निर्माण हैदराबाद की कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल)कर रही है।इस नई ईवीएम में लगने वाले कई महत्वपूर्ण चिप को तैयार करने के लिए कच्चा सामान विदेशों से आते हैं। बिहार निर्वाचन आयोग को ईवीएम की आपूर्ति अप्रैल में ही ईसीआईएल को करनी थी, लेकिन युद्ध के चलते इसकी आपूर्ति मई में शुरू हुई है।

आपूर्ति में करीब एक माह की देरी हुई है। आयोग के सूत्रों के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में अब तक नई ईवीएम की आपूर्ति नहीं की गई है। सिर्फ, पटना में 3600 ईवीएम सेट पहुंचा है। इन ईवीएम का पहली बार इस्तेमाल नगर निकाय के आम एवं उपचुनाव एवं पंचायत चुनाव में होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट मीटर वालों को बड़ी राहत, माइनस में बैलेंस तो भी नहीं कटेगी बिजली
ये भी पढ़ें:बिहार में आज से एक महीने तक चलेगा 'खेत बचाओ' अभियान, किसानों के लिए क्या है खास

ईवीएम के प्रशिक्षण में लगेगा समय

नई ईवीएम की आपूर्ति में देरी से पंचायत चुनाव को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम में देरी होगी। आयोग के अनुसार, अभी नई ईवीएम को लेकर नगर निकाय चुनाव के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। वे संबंधित जिलों में जाकर मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण देंगे। पंचायत चुनाव के लिए सभी जिलों में ईवीएम की आपूर्ति सुनिश्चित होने के बाद राज्य एवं जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इससे विभिन्न चरणों में चुनाव कार्यक्रम तय करने में भी परेशानी होगी।

कंपनी से सीधे जिलों को भेजी जाएंगी ईवीएम

जानकारी के अनुसार, ईसीआईएल से सीधे हर जिले में नई ईवीएम की आपूर्ति की जाएगी। जिलेवार सभी जिलों में जून के मध्य तक ईवीएम पहुंचेगी। आयोग के निर्देश पर हर जिले में ईवीएम के भंडारण का इंतजाम किया गया है। जिन जिलों में अबतक ईवीएम नहीं पहुंची है, वहां के जिलाधिकारियों ने ईवीएम के भंडारण स्थल (वेयरहाउस) का निरीक्षण भी किया है। ईवीएम नई होने के कारण पंचायत चुनाव के पूर्व इनकी प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की जरूरत नहीं है। इनका सीधे चुनाव में इस्तेमाल किया जा सकेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गर्मी की छुट्टी में भी टीचर हेडक्वार्टर में मौजूद रहेंगे, बिहार में फरमान जारी
ये भी पढ़ें:बिहार में बीते राहत के दिन, पांच दिनों तक बढ़ेगा तापमान और लू चलेगी;वज्रपात कहां

छह पदों के लिए होगा मतदान

आयोग के अनुसार, पंचायत चुनाव को लेकर राज्य में 36,200 कंट्रोल यूनिट (सीयू) सहित कुल 2,17,200 मशीनों की आपूर्ति होनी है। सूत्रों ने बताया कि नगर निकाय के आम एवं उपचुनाव में एक कंट्रोल यूनिट के साथ तीन बैलेट यूनिट (बीयू) का इस्तेमाल किया जाएगा, पंचायत चुनाव में कुल छह पदों के लिए मतदान होने के कारण एक सीयू के साथ छह बीयू का इस्तेमाल होगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।