चंदन मिश्रा का मर्डर कर निशु खान की कार से पश्चिम बंगाल भागा था तौसीफ, पुलिस को अब भी 4 शूटरों की तलाश
Chandan Mishra Murder Case: वहीं कोलकाता में गिरफ्तार चारों आरोपितों का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम रविवार की रात पटना के लिए रवाना हो गई। इधर, फरार तीन शूटरों के घरों पर इश्तेहार चस्पाया किया गया है।

Chandan Mishra Murder Case: पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या करने वाला मुख्य शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह वारदात के बाद अपने मौसेरे भाई निशु खान की कार से कोलकाता भागा था। पटना पुलिस ने तौसीफ, निशु खान के अलावा निशु के सहयोगी हर्ष और भीम की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। तौसीफ के साथ हत्या को अंजाम देनेवाले चार शूटरों सहित इसमें शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने रविवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह कार भी जब्त कर ली गई है, जिससे मुख्य शूटर भागा था। वहीं कोलकाता में गिरफ्तार चारों आरोपितों का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम रविवार की रात पटना के लिए रवाना हो गई। इधर, फरार तीन शूटरों के घरों पर इश्तेहार चस्पाया किया गया है। चौथे के खिलाफ भी इश्तेहार चस्पा करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पारस अस्पताल में कैदी चंदन मिश्रा की 17 जुलाई की सुबह पांच शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज से इस हत्याकांड में फुलवरीशरीफ निवासी तौसीफ उर्फ बादशाह की मुख्य भूमिका सामने आई। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि मुख्य अपराधी तौसीफ उर्फ बादशाह वारदात के बाद अपने मौसेरे भाई निशु खान के साथ उसकी कार से पश्चिम बंगाल की ओर फरार हो गया है।
उसका लोकेशन कोलकाता में होने की बात सामने आने पर एटीएफ और पटना पुलिस की टीम कोलकाता में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान बिहार पुलिस ने कोलकाता एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की मदद से कोलकाता के आनंदपुर स्थित न्यू टाउन इलाके से तौसीफ उर्फ बादशाह, निशु खान, हर्ष और भीम को गिरफ्तार कर लिया।
निशु पर रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट का केस
शूटर तौसीफ पर हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी इत्यादि जबकि निशु पर रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। हर्ष और भीम दीघा के रहने वाले हैं। पुलिस इनकी संलिप्तता का पता लगा रही है। फिलहाल वारदात में शामिल चार शूटरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी अभी बरामद नहीं किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि पटना लाने के बाद आरोपितों से पूछताछ कर अन्य जानकारी जुटाई जाएगी।
निशु खान के घर रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में पता चला कि हत्या की साजिश तौसीफ ने मौसेरे भाई निशु खान के समनपुरा स्थिति आवास पर रची थी। निशु ने हत्या में उन्हें सहयोग देने के अलावा तौसीफ को भगाने में भी सहायता की थी। वह अपनी कार से भगाकर कोलकाता ले गया था। उनके साथ निशु के सहयोगी हर्ष और भीम भी थे। सीसीटीवी और तकनीकी अनुसंधान पर बदमाशों के पश्चिम बंगाल की ओर भागने के पुख्ता साक्ष्य हाथ लगने के बाद पटना पुलिस कोलकाता पहुंची।




साइन इन