बिहार में डिज्नीलैंड मेले में टूटा झूला, नीचे गिरकर किशोरी की मौत; महिला और बच्ची घायल
घायलों में शिवशंकर नट की 25 वर्षीया पुत्री विभा देवी और दो साल की एक बच्ची शामिल हैं। परिजन चिकित्सक पर देर से इलाज शुरू करने और एम्बुलेंस समय से नहीं मिलने का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा करने लगे।

बिहार के भोजपुर जिले में डिज्नीलैंड मेले में बड़ा हादसा हो गया। जगदीशपुर नगर में महिला कॉलेज के पीछे डिज्नीलैंड मेले का झूला शनिवार की रात टूट गया। झूले से गिरने के कारण एक किशोरी की मौत हो गई। जबकि, एक महिला और बच्ची घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में तीनों घायल हो गए थे। इन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां किशोरी की मौत हो गई। किशोरी जगदीशपुर नगर के नट टोली निवासी मंटू नट की 12 वर्षीया पुत्री नयना कुमारी थी।
घायलों में शिवशंकर नट की 25 वर्षीया पुत्री विभा देवी और दो साल की एक बच्ची शामिल हैं। परिजन चिकित्सक पर देर से इलाज शुरू करने और एम्बुलेंस समय से नहीं मिलने का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा करने लगे। डॉक्टर और कर्मियों से मारपीट की बात भी कही जा रही है। हंगामे को देख कर्मी अस्पताल छोड़ फरार हो गये।
वहीं, परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर इलाज व एम्बुलेंस मिली होती तो किशोरी बच सकती थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही। इधर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एस किशुन ने कहा कि हंगामे के दौरान चिकित्सक के साथ मारपीट की गई है। यदि समय से इलाज और एम्बुलेंस नहीं मिली होगी, तो जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।




साइन इन