पेट्रोल-डीजल के बाद सुधा दूध महंगा, बस किराया भी बढ़ेगा; नई दरें कब से लागू, जान लीजिए
सुधा दूध के साथ ही पेड़ा, घी, लस्सी आदि की कीमतों में भी इजाफा होगा। अभी सुधा के फुल क्रीम दूध गोल्ड की कीमत 65 रुपये, सुधा शक्ति 57 रुपये और गाय के दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर है।

बिहार में सुधा दूध की कीमत और बस का किराया बढ़ेगा। प्रति लीटर दूध के दाम में तीन से चार रुपये तक की वृद्धि होगी। इससे बिहार और झारखंड सहित अन्य राज्यों में सुधा दूध के उपभोक्ताओं की जेब पर भार बढ़ेगा। इससे पहले मदर डेयरी और अमूल अपनी दरों में बढ़ोतरी कर चुके हैं। वहीं, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमत में हुई वृद्धि के मद्देनजर परिहवन विभाग सरकारी बसों का किराया एक जून से बढ़ाने जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक बसों के किराये में अधिकतम 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की जा सकती है। शीघ्र ही इसकी अधिसूचना जारी होगी।
कॉम्फेड के बोर्ड की बैठक में फैसला
बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (कॉम्फेड) के बोर्ड की गुरुवार को हुई बैठक में सुधा दूध की कीमतों में वृद्धि का फैसला हुआ। हालांकि, कॉम्फेड ने अधिकारिक रूप से दूध के मूल्य में बढ़ोतरी संबंधी आदेश शुक्रवार को जारी करने की बात कही है। सुधा दूध का दाम करीब सालभर बाद बढ़ने वाला है। नई दर दो दिन बाद लागू होने के आसार हैं। बताया जा रहा है कि कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों को लाभ पहुंचेगा। उनकी ओर से भी रेट बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
पेड़ा, घी, लस्सी आदि की कीमतों में भी इजाफा होगा
सूत्रों के अनुसार सुधा दूध की कीमत बढ़ने के साथ ही अन्य प्रॉडक्ट्स जैसे पेड़ा, घी, लस्सी आदि की कीमतों में भी इजाफा होगा। अभी सुधा के फुल क्रीम दूध गोल्ड की कीमत 65 रुपये, सुधा शक्ति 57 रुपये और गाय के दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर है। नई दरें दो दिनों के बाद प्रभावी होने की संभवना है। हालांकि, ये फैसले आम आदमी की जेब पर बोझ डालने वाला है।
दूसरी ओर, मध्य पूर्व संकट की वजह से तेल और सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी हो गई है। इन सबके कारण परिवहन विभाग सरकारी बसों के किराये में वृद्धि करेगा। इसको लेकर विभाग अंतिम तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि किराये में बढ़ोतरी छह साल बाद की जा रही है। हालांकि, बस किराया में सरकारी स्तर से इतने दिनों बाद बढ़ोतरी भले ही की जा रही हो पर निजी बसों के ऑपरेटर कई बार किराया में वृद्धि कर चुके हैं। सभी जिलों से पटना के किराए में वृद्धि होती रही है।




साइन इन