श्रावणी मेला से पहले चालू होगा मुंगेर से मिर्जाचौकी तक ग्रीनफील्ड फोरलेन, जाम से बचेंगे कांवरिया
मुंगेर से मिर्जा चौकी तक नया ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे इस साल सावन मास से पहले शुरू हो जाएगा। श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों को जाम से मुक्ति मिलेगी। यह हाईवे मुंगेर से सुल्तानगंज, भागलपुर होते हुए मिर्जा चौकी तक बनाया जा रहा है, काम अंतिम चरण में है।

बिहार में श्रावणी मेला से पहले मुंगेर से भागलपुर, सुल्तानगंज होते हुए मिर्जा चौकी तक ग्रीनफील्ड हाईवे चालू हो जाएगा। इससे कांवरियों को जाम से मुक्ति मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) की ओर से कुल 124.41 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है। अधिकारियों का मानना है कि जून 2026 तक लोगों के आवागमन की दिशा में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मुंगेर से मिर्जा चौकी के बीच वाहन फर्राटा भर सकेंगे और यह दूरी मुश्किल से डेढ़ से दो घंटे में पूरी होगी।
मुंगेर से मिर्जा चौकी के बीच मौजूदा सड़क पर बसाहट होने की वजह से वाहन चालकों को जाम और दूसरी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। करीब 125 किलोमीटर लंबी दूरी को तय करने में वाहनों को चार से पांच घंटे का समय लगता है। इसी समस्या को देखते हुए साल 2022 में अलग-अलग तारीखों पर मुंगेर-भागलपुर-मिर्जा चौकी के बीच फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया था।
चार पैकेज में हुआ काम
यह कार्य चार पैकेज में प्रारंभ हुआ जिसमें सबसे अधिक पैकेज तीन के लिए 1017, पैकेज एक के लिए 981, पैकेज दो के लिए 902 और पैकेज चार के लिए 892 यानी कुल 3792 करोड़ रुपए की राशि को मंजूरी मिली।
सड़क निर्माण कार्य एनएचएआई की ओर से कराया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुंगेर-भागलपुर-मिर्जा चौकी के बीच यह पहला ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क होगा जिससे लोगों को जाम और दूसरी समस्याओं से स्थायी तौर पर छुटकारा मिलेगा।
अब तक कितना काम पूरा?
अधिकारियों की मानें तो फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में पैकेज एक का कार्य 75.45, दो का 93.13, तीन का 72.2 और अंतिम यानी चार का 90.71 फीसदी पूरा किया जा चुका है। 30 जून तक सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों के आवागमन के लिए इसे खोल दिया जाएगा।
कांवरियों को फायदा, उद्योगों को बढ़ावा
इससे मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, घोघा, कहलगांव, पीरपैंती होते हुए मिर्जा चौकी तक का सफर काफी आसान हो जाएगा। साथ ही एक नया कॉरिडोर के रूप में इलाके में उद्योग को तेजी से बढ़ावा मिलेगा। सावन मास के दौरान श्रावणी मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालु एवं कांवरिया सुल्तानगंज स्थित अजगैवीनाथ धाम पर गंगा नदी से जल लेने आते हैं। फिर वहां से झारखंड के देवघर स्थित बाबा धाम जाकर चढ़ाते हैं। गंगा नदी के किनारे नया ग्रीनफील्ड हाईवे चालू हो जाने के बाद कांवरियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
टू-लेन सड़क का काम भी दो महीने में होगा पूरा
पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बहुप्रतिक्षित भागलपुर से मिर्जा चौकी के लिए जाने वाली टू-लेन विद पेव्ड शोल्डर 10 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का कार्य भी आगामी दो महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से जहां स्थानीय नागरिकों को जाम और दूसरी कई समस्याओं से स्थाई तौर पर छुटकारा मिलेगा, वहीं मुंगेर से भागलपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को यात्रा में सहूलियत बढ़ जाएगी।
भागलपुर से मिर्जा चौकी को जोड़ती तत्कालीन 5 मीटर चौड़ी सड़क वर्ष 2018 में आई बाढ़ के बाद कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सफर के दौरान वाहन चालकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
इस मामले में विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल का कहना है कि इस बेहद महत्वपूर्ण सड़क का काम जल्द पूरा हो जाएगा। विभाग के स्तर से इसकी निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। ताकि गुणवत्ता में कोई कमी नहीं हो। इस बेहद महत्वपूर्ण फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा होने से बहुत बड़ी आबादी को फायदा मिलेगा और दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच दूरी कम होगी।




साइन इन