बिहार में स्मार्ट मीटर वालों को दिन में सस्ती और शाम में महंगी बिजली मिलेगी, नई दरें जान लीजिए
सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बिजली खपत करने पर लोगों को मात्र 80 फीसदी ही पैसा देना होगा। यानी अगर इस अवधि में 100 रुपए की बिजली खपत होगी तो उपभोक्ताओं को मात्र 80 रुपए ही देने होंगे। जबकि शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक अगर 100 रुपए की बिजली खपत करेंगे तो 120 रुपए देने होंगे।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले बिहार के 87 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को आगामी एक अप्रैल से दिन में सस्ती तो शाम में महंगी बिजली मिलेगी। देर रात्रि के बाद खपत के अनुसार ही बिजली बिल देना होगा। बिजली कंपनी की याचिका पर बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ को मंजूर कर दिया है।
पिछले वर्ष केवल औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए यह व्यवस्था थी। लेकिन, अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाले सभी उपभोक्ताओं को इसी नियम के अनुसार बिजली मिलेगी। स्मार्ट मीटर नहीं होने की स्थिति में जिनका लोड 10 किलोवाट से अधिक होगा, उनको दिन में सस्ती तो शाम में महंगी बिजली मिलेगी।
बिजली कंपनी ने कृषि कनेक्शन को छोड़ सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए टीओडी का प्रस्ताव दिया था। विमर्श के बाद आयोग ने टीओडी मंजूर किया। इसके अनुसार रात के 11 बजे से सुबह नौ बजे तक बिजली खपत करने पर कंपनी की ओर से निर्धारित दर के अनुसार ही बिजली बिल देना होगा। यानी अगर 100 रुपए की बिजली खपत होगी तो उनको उतना ही पैसा देना होगा।
वहीं सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बिजली खपत करने पर लोगों को मात्र 80 फीसदी ही पैसा देना होगा। यानी अगर इस अवधि में 100 रुपए की बिजली खपत होगी तो उपभोक्ताओं को मात्र 80 रुपए ही देने होंगे। जबकि शाम पांच बजे से रात 11 बजे तक अगर 100 रुपए की बिजली खपत करेंगे तो 120 रुपए देने होंगे। हालांकि, आयोग ने घरेलू उपभोक्ताओं से 100 रुपए की खपत पर 110 रुपए ही लेने को कहा है। लेकिन घरेलू को छोड़ व्यावसायिक, छोटे व बड़े औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं से 120 फीसदी राशि वसूली जाएगी।




साइन इन