वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट से उड़ेंगे छोटे विमान, 229 एकड़ जमीन पर होगा हवाई अड्डे का विस्तार
बिहार के वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट को शुरू करने के लिए 229 एकड़ अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता है। प्रशासन ने यहां सर्वे किया है। जल्द ही भूमि चिह्नित कर इसका प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा। सबकुछ ठीक रहा तो वाल्मीकि नगर से जल्द ही छोटे विमान उड़ान भरेंगे।

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए बगहा-2 अंचल की ओर भूमि का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसको लेकर अंचल बगहा-2 सीओ रवि प्रकाश चौधरी ने बुधवार को वाल्मीकि नगर हवाई अड्डे के आसपास की जमीन का निरीक्षण एवं सर्वे किया। वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट को शुरू करने के लिए कुल 303 एकड़ जमीन की जरूरत है। इसमें 73 एकड़ में वर्तमान में जमीन हवाई अड्डे के पास उपलब्ध है। शेष 229 एकड़ जमीन का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उत्तर बिहार के इस हवाई अड्डा से छोटे विमानों का संचालन किया जाएगा।
सीओ ने बताया कि हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए भूमि का प्रस्ताव मांगा गया है। इसको लेकर हवाई अड्डे के आसपास के भूमि का निरीक्षण और सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद विभागीय कवायद शुरू की जाएगी।
गौरतलब हो कि वाल्मीकि नगर एयरपोर्ट के लिए दोनों विमानन विभाग की ओर से प्रस्ताव मांगा गया था। वाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुशवाहा एवं विधायक रिंकू सिंह की ओर से हवाई अड्डे की विस्तार को लेकर विभाग को पत्राचार किया गया था। इसके बाद भूमि का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसको लेकर भूमि को चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पश्चिमी भाग में नहीं हो सकता है विस्तार
सीओ ने बताया कि वाल्मीकि नगर हवाई अड्डे की पूर्वी भाग की भूमि को चिह्नित किया गया है। अगर भूमि का नेचर सरकारी मिला तो इसे हवाई अड्डे को स्थानांतरित किया जाएगा। अगर भूमि रैयती मिली तो उसका अधिग्रहण किया जाएगा। पश्चिमी हिस्सा जलमग्न होने के कारण हवाई अड्डे का विस्तार उधर नहीं हो सकता है।
छोटे एयरपोर्ट के रूप में विकसित होगा वाल्मीकिनगर
वाल्मीकि नगर हवाई अड्डा को छोटे एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां से 19 सीटर वाले विमानों का परिचालन होगा। भूमि अधिग्रहण को लेकर विभाग की ओर से कवायद भी शीघ्र शुरू की जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द यहां से छोटे विमान उड़ान भरेंगे।




साइन इन