This airport in North Bihar will start functioning by 2026 Dy CM Samrat Choudhary announced 2026 में शुरू हो जाएगा उत्तर बिहार का यह एयरपोर्ट, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

2026 में शुरू हो जाएगा उत्तर बिहार का यह एयरपोर्ट, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान

दरभंगा के बाद उत्तर बिहार में एक और एयरपोर्ट अगले साल यानी 2026 में शुरू हो जाएगा। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार को यह घोषणा की।

Thu, 12 June 2025 03:18 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, मुजफ्फरपुर
share
2026 में शुरू हो जाएगा उत्तर बिहार का यह एयरपोर्ट, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान

बिहार में आने वाले कुछ सालों में कई शहरों में हवाई सेवा की सुविधा देने की योजना पर काम चल रहा है। इस बीच, सरकार की उत्तर बिहार में 2026 से एक और एयरपोर्ट शुरू करने की योजना है। मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट से अगले साल विमान सेवा शुरू कर दी जाएगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार को यह घोषणा की। सम्राट गुरुवार को चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित प्रोफेशनल मीट में शिरकत करने मुजफ्फरपुर पहुंचे।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में कई हवाई अड्डे बनाए जा रहे हैं। मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से अगले साल उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी। जरूरत पड़ने पर रनवे का भी विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवश्यकतानुसार जमीन का अधिग्रहण भी किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 15 एयरपोर्ट बनाने की तैयारी, कौन सा हवाई अड्डा आपके घर के पास?

बता दें कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट शुरू होने के बाद आसपास के जिलों में हवाई सेवा और सुलभ हो जाएगी। मुजफ्फरपुर के साथ ही वैशाली, समस्तीपुर और अन्य जिलों के लोगों को इसका लाभ होगा। अभी मुजफ्फरपुर के लोगों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दरभंगा या पटना जाना पड़ता है। पताही हवाई अड्डा शुरू होने से देश के प्रमुख शहरों के लिए यहीं से फ्लाइट मिलने लगेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना एयरपोर्ट पर इंटरनेट ठप; दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों की फ्लाइट लेट

उत्तर बिहार में अभी एक ही एयरपोर्ट दरभंगा हवाई अड्डा चालू है। सरकार इस क्षेत्र में अन्य शहरों में भी एयरपोर्ट शुरू करने की योजना बना रही है। इसमें रक्सौल, बीरपुर, वाल्मीकि नगर, मधुबनी और सहरसा जैसे शहर शामिल हैं। बिहार में अभी दरभंगा, पटना और गया एयरपोर्ट से विमानों का संचालन होता है। राज्य सरकार का दावा है कि इस साल सीमांचल क्षेत्र में स्थित पूर्णिया एयरपोर्ट भी चालू कर दिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।