सीतामढ़ी में 11 साल की रेप पीड़िता के घर तोड़फोड़ और आगजनी, आरोपी की मौत की अफवाह पर बवाल
सीतामढ़ी शहर में 11 साल की बच्ची से रेप के बाद गुरुवार को आरोपी की मौत की अफवाह उड़ गई। इसके बाद आरोपी पक्ष ने पीड़िता के घर, दुकान आदि पर तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी कर दी। इससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। भीड़ की पिटाई से घायल आरोपी का पटना में इलाज चल रहा है।

बिहार के सीतामढ़ी शहर में 11 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी के आरोप में पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी की मौत की अफवाह फैलने के बाद जमकर बवाल काटा गया। आरोपी पक्ष ने गुरुवार दोपहर में अचानक रेप पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने पीड़िता के घर पर तोड़फोड़ कर लूटपाट कर दी। इसके बाद पीड़िता के नानी घर में घुसकर तोड़फोड़ कर मामा की दुकान में आग लगा दी गई।
पीड़िता के परिजन का आरोप है कि घर में रखी बेटी की शादी के लिए नकदी और जेवरात भी उपद्रवी लूटकर ले गए। जाते-जाते आरोपियों ने पीड़िता एवं उसके रिश्तेदारों के घरों पर रोड़ेबाजी भी की। इससे मोहल्ले में दहशत का आलम रहा। हमले के दौरान पीड़ित परिवार के अधिकांश सदस्य सदर अस्पताल में पीड़िता के पास मौजूद थे। बाकी जो घर पर थे वे भागकर नगर थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी बड़ी संख्या में पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। एहतियातन एसपी ने बड़ी संख्या में मोहल्ले में पुलिसकर्मी को तैनात किया।
इलाज के दौरान आरोपी की उड़ी मौत की अफवाह
मालूम हो कि दुष्कर्म की घटना के बाद फरार चल रहे आरोपी धीरज कुमार की तलाश में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वह जानकी स्थान इलाके में छिपा है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो वह मोहल्ले की ओर भाग गया। तभी रास्ते में पीड़िता पक्ष के साथ आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया और पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। मुजफ्फरपुर में भी इलाज में सुधार नहीं होने पर गुरुवार को उसे पटना रेफर कर दिया गया। इसी बीच गुरुवार को आरोपी की मौत की अफवाह उड़ गई। इससे आरोपी पक्ष के लोग उग्र हो गए और पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया।
आरोपी की मौत की बात महज अफवाह, पटना में चल रहा इलाज
सदर एसडीपीओ वन राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की मौत की बात महज अफवाह है। उसका पुलिस अभिरक्षा में पटना में इलाज चल रहा है। किसी ने मामले को तूल देने के लिए इस तरह की अफवाह उड़ाई। एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर से बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।
इसी बीच मोहल्ले में यह गलत खबर फैल गई कि आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अफवाह के कारण ही हंगामा और तोड़फोड़ हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित कर लिया। मोहल्ले में पुलिस बल तैनात है। पीड़ित पक्ष के घर पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में एफआईआर कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु कर दी गई है। इस तरह की अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
(सीतामढ़ी से सक्षम वर्मा और उमाशंकर की रिपोर्ट)




साइन इन