बारात की तरह सजाई कार, 71 लाख का गांजा लेकर निकले सवार; फिर भी पकड़े गए
सीतामढ़ी जिले के सुरसंड में तस्करों ने कार को दूल्हे और बारात की गाड़ी की तरह सजा दिया। उसमें गांजा भरकर ले जाने लगे। हालांकि, फिर भी पुलिस की नजरों से बच नहीं पाए और पकड़े गए।

पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने लग्जरी कार को दूल्हे की गाड़ी की तर्ज पर सजवा दिया। इसके बाद डिक्की में गांजा रख निकल गए। हालांकि पुलिस को भनक लग गई और आरोपी धरे गए। बिहार एसटीएफ और सीतामढ़ी जिले की सुरसंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल से गांजे की खेप लेकर सीतामढ़ी एवं मुजफ्फरपुर में खपाने जा रहे आरोपियों को पुलिस ने बुधवार देर रात दबोच लिया। इनके पास से करीब 142 किलो गांजा बरामद किया गया है। जबकि इस धंधे में शामिल चार अन्य धंधेबाजों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 71 लाख रुपए आंकी गई है। पकड़े गए तस्करों की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के झपहा मसहा निवासी विकास कुमार व अमृत कुमार के रूप में की गई।
सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नेपाल से लाल रंग की चारपहिया वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर सुरसंड की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और सुरसंड पुलिस की संयुक्त टीम नगर पंचायत सुरसंड स्थित बाइपास चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे
इसी दौरान आधी रात को पुलिस ने एक लाल रंग की क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने उक्त वाहन को फूलों सजाया गया था।
ड्राइवर बोला- दूल्हे को लेने जा रहे हैं
पूछताछ में कार चालक विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि कार से दूल्हे को लाने जा रहे हैं। लेकिन, पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से गांजा बरामद की गयी। मजिस्ट्रेट सह सीओ सतीश कुमार की उपस्थिति में तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की एवं सीट के नीचे छिपाकर रखे गए कुल 10 पैकेटों से 142.024 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गांजा को अलग-अलग पैकेटों में पैक कर रखा गया था। पुलिस ने गांजा के साथ लाल रंग की चारपहिया वाहन (एमएच 06 बीएम-3668), एक मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी जब्त करते हुए अमृत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल से आई थी गांजे की खेप
गिरफ्तार विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि गांजा की खेप नेपाल से लाई गई थी। इसे परिहार थाना क्षेत्र के झपहा मसहा निवासी रंजीत कुमार उर्फ रंजीत सिंह द्वारा वाहन में लोड कराया गया था। वाहन का लाइजनिंग भी उसके द्वारा बाइक पर बैठकर झपहा मसहा निवासी अमृत कुमार एवं उक्त गांव के ही विनय कुमार के साथ किया जा रहा था।
गांजा की इस खेप को पुपरी थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी मंजय राय और मुजफ्फरपुर निवासी रोहन कुमार तक पहुंचाना था। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में सुरसंड थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
(सुरसंड से प्रलयंकर की रिपोर्ट)




साइन इन