बहन बन गई साइबर ठग, दिल्ली से समझाने बिहार आया भाई; हत्या कर भागा
दरभंगा जिले के मनीगाछी में महिला शुभकला देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुभकला की हत्या उसके भाई ने ही की थी। दरअसल, महिला साइबर ठगों के झांसे में आकर लोगों से रुपये ऐंठने लगी थी। इस मामले पर उसका भाई से झगड़ा हो गया।

बिहार के दरभंगा जिले के मनीगाछी में साइबर ठग बनी बहन को उसके भाई ने गर्दन मरोड़ कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात बीते 31 दिसंबर की रात को हुई थी। पुलिस ने एक सप्ताह बाद मर्डर केस का खुलासा कर आरोपी भाई संतोष मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी बहन शुभकला देवी भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लालगंज की रहने वाली थी। उसकी लाश बिसौल कमलाबाड़ी रोड के बीच सड़क किनारे मिली थी।
बेनीपुर एसडीपीओ वासुकी नाथ झा ने बुधवार को बताया कि आरोपी संतोष हत्याकांड को अंजाम देने के बाद दिल्ली चला गया था। पुलिस ने उसे दिल्ली से हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर दिया। उसे गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्यवाही की गई।
नौकरी के नाम पर लोगों को ठगने लगी शुभकला
एसडीपीओ के अनुसार मृतका शुभकला देवी का मायका मनीगाछी थाना क्षेत्र के फुलवन गांव में था। उसकी शादी भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में हुई थी। शुभकला का पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। घर में अकेली रहने वाली महिला मोबाइल पर साइबर ठगों के झांसे में आ गई। फिर लोगों को एयरपोर्ट जैसी जगहों पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने लगी। फिर वह मोबाइल फोन पर साइबर ठगों को पैसे भेजती रही।
लगातार लोगों से रुपये ऐंठने और उसके परिणाम शून्य होने की स्थिति में ठगी के शिकार हुए पीड़ित उसके मायके के लोगों पर दबाव बनाने लगे। इस दौरान शुभकला के सहोदर भाई संतोष को उसकी जमीन से बेदखल कर दिया गया। भाई ने अपनी बहन को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह ठगी करने से बाज नहीं आ रही थी।
दिल्ली से समझाने आया भाई, हत्या कर भाग निकला
संतोष दिल्ली में रहकर छोटी गाड़ियों से बच्चों को स्कूल पहुंचा कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। लोगों के तगादे और बहन के व्यवहार से खिन्न होकर वह अपनी गाड़ी से पत्नी एवं बच्चों के साथ गांव के लिए निकला और बीते 31 दिसंबर की देर शाम लालगंज पहुंच कर बहन को समझाने का प्रयास किया। मगर वह मानने को तैयार नहीं हुई, तो उन्होंने शुभकला को अपनी मां से मिलाकर समझाने की नीयत से लालगंज से फुलवन के लिए रवाना हो गया।
अत्यधिक ठंड एवं कुहासे के बीच वह धीरे-धीरे गाड़ी चलाते हुए जा रहा था। रास्ते में इन्हीं बातों पर चर्चा के दौरान उसकी बहन उससे उलझ गई और दोनों में गुत्थमगुत्था शुरू हो गई। आक्रोशित संतोष ने बहन की गर्दन जोर से दबाई तो वह बेहोश हो गई। आरोपी उसे मरणासन्न अवस्था में ही सड़क किनारे छोड़कर सीधे दिल्ली चला गया।
मां ने खोले मर्डर के राज
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में मृतका की मां से पूछताछ के बाद इसकी गुत्थी सुलझी। संतोष को हिरासत में लेने के लिए एक टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अब इस संबंध में आगे की कार्यवाही की जा रही है।




साइन इन