मुजफ्फरपुर जंक्शन पर 'शोले' जैसा ड्रामा, टावर पर चढ़ा सिरफिरा आशिक; बोला- प्रेमिका को बुलाओ वरना...
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक सिरफिरा आशिक अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग को लेकर ऊंचे टावर पर जा चढ़ा। युवक ने खुद 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई और कूदने की धमकी दी। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस प्रशासन उसे समझाने में जुटा रहा।

Bihar News: उत्तर बिहार के सबसे व्यस्त मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में ऊंचे टावर पर जा चढ़ा। देखते ही देखते जंक्शन परिसर के पीछे स्थित इस टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मांग ऐसी थी कि पुलिस और रेल प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। सिरफिरे आशिक की बस एक ही रट थी- "मेरी प्रेमिका को बुलाओ, तभी नीचे आऊंगा, वरना कूद जाऊंगा!"
जानकारी के अनुसार, देवरिया इलाके के धरफरी गांव निवासी प्रभु पंडित का 22 वर्षीय बेटा मनीष कुमार बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे जंक्शन परिसर पहुंचा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह जंक्शन के पीछे स्थित जर्जर और ऊंचे टावर पर तेजी से चढ़ने लगा। टावर की काफी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद उसने ऊपर से ही चिल्लाना और धमकियां देना शुरू कर दिया।
युवक ने खुद ही बुलाई पुलिस
हैरानी की बात तो यह रही कि खुद युवक ने ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अपने टावर पर चढ़ने की सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस और रेल पुलिस (GRP) की टीम पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने लाउडस्पीकर के जरिए उसे नीचे उतारने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन मनीष अपनी जिद पर अड़ा रहा। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा कि युवक गांव की ही किसी लड़की से प्यार करता है और उससे मिलने की जिद में जान जोखिम में डाले हुए है। उसके पास मोबाइल फोन भी है, जिसके जरिए पुलिस और उसके परिजन लगातार उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
काजी मोहम्मदपुर के थानेदार नवलेश कुमार ने बताया कि युवक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस की टीम बेहद सतर्कता बरत रही है ताकि युवक कोई गलत कदम न उठा ले। दिलचस्प बात यह है कि यह वही टावर है, जिसके गिरने की अफवाह छह साल पहले पूरे शहर में फैल गई थी और आज फिर यह एक सिरफिरे आशिक की वजह से सुर्खियों में है।




साइन इन