पटना में 5वीं तक के स्कूलों का समय बदला, डीएम का आदेश; बिहार में हीट इफेक्ट शुरू
बिहार में हीटवेव की आशंका को देखते हुए स्कूलों का समय बदलना शुरू हो गया है। पटना जिले में पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए पाबंदी का आदेश आ गया है। अन्य जिलों में भी ऐसे आदेश आने वाले दिनों में जारी किए जा सकते हैं।
Patna School Timing; बिहार में गर्मी बढ़ने के साथ ही इसका असर अब बच्चों की पढ़ाई पर दिखना शुरू हो गया है। पटना जिले में 5वीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अब राज्य के अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
पटना डीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में कक्षा 5 तक की कक्षाओं का समय परिवर्तन किया गया है। पहली से पांचवीं, प्री-प्राइमरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में दोपहर 12.30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यानी कि 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी दोपहर 12.30 बजे तक करना अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, इससे ऊपर की कक्षाओं के लिए कोई पाबंदी फिलहाल नहीं है।
पटना जिले में यह आदेश मंगलवार 21 अप्रैल से शनिवार 25 अप्रैल तक लागू रहेगा। जिला प्रशासन का कहना है कि अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पटना में 40 डिग्री पहुंचा पारा
राजधानी पटना में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। इससे हीटवेव की आशंका जताई जा रही है। तपिश ज्यादा बढ़ने पर बड़ी कक्षाओं के समय में भी बदलाव किया जा सकता है। वहीं, हीटवेव चरम पर पहुंचने से पहले स्कूलों में छुट्टियां भी की जा सकती हैं। पिछले साल भी भीषण गर्मी के दौरान कई दिनों तक विभिन्न जिलों में स्कूल बंद रखे गए थे।
निजी स्कूलों के बच्चों को बड़ी राहत
बता दें कि बीते 6 अप्रैल को ही पटना समेत राज्य भर के सरकारी स्कूलों का समय सुबह की पाली में कर दिया गया था। अभी सभी सरकारी विद्यालय सुबह की पाली में ही संचालित किए जा रहे हैं। इसकी टाइमिंग सुबह 6.30 से दोपहर 12.20 बजे तक है। हालांकि, कई निजी विद्यालय दोपहर 12.30 बजे के बाद भी संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छोटी कक्षाओं के बच्चों को विशेष तौर पर राहत मिली है। डीएम के आदेशानुसार अब सरकारी या निजी कोई भी विद्यालय प्रशासन दोपहर 12.30 के बाद 5वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं कर पाएगा।




साइन इन