सुबह 11.30 बजे ही हो जाएगी सभी कक्षाओं की छुट्टी, भीषण गर्मी के चलते डीएम का आदेश
बिहार में जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। जिला प्रशासन हीटवेव की स्थिति को भांपते हुए अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए बदलाव कर प्रतिबंध लगान के आदेश जारी कर रहे हैं।

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी का असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ने लगा है। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। इस बीच कैमूर जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 11.30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिले के स्कूलों, प्री-स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की छुट्टी सुबह 11.30 बजे ही कर दी जाएगी। यह आदेश कोचिंग संस्थानों पर भी लागू रहेगा।
कैमूर जिले के डीएम नितिन कुमार सिंह ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। स्कूलों की नई टाइमिंग 23 से 30 अप्रैल तक लागू रहेगी। डीएम ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जिले में चलने वाली हीटवेव और दोपहर के समय भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं जीवन प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए यह आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार कैमूर जिले में गुरुवार को दिन का तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने कैमूर, औरंगाबाद, रोहतास समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में अगले हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। कैमूर में अधिकतम तापमान अगले सप्ताह तक 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।
गर्मी से 4 छात्राएं बीमार, स्कूल में बुलानी पड़ी एंबुलेंस
गर्मी की वजह से गुरुवार को कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित गौरा गांव में अतिपिछड़ा आवासीय विद्यालय की चार छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। बच्चियों के पेट में दर्द और चक्कर आने की शिकायत मिलते ही इसकी सूचना विद्यालय प्रबंधन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी। इसके बाद स्कूल में एंबुलेंस भेजी गई, जिसके माध्यम से छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया। अस्पताल में ड्यूटी पर रहे डॉ. अकील अहमद ने सभी बीमार छात्राओं का इलाज किया।
इन जिलों में भी 5वीं तक की कक्षाओं के लिए लग चुकी है पाबंदी
इससे पहले छपरा (सारण), अरवल और शेखपुरा जिले में भी 5वीं तक के स्कूली छात्र-छात्राओं की छुट्टी सुबह 11.30 बजे से पहले करने का आदेश संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा जारी किया जा चुका है। वहीं, पटना, गयाजी, भोजपुर जैसे कुछ जिलों में यह पाबंदी दोपहर 12.30 बजे तक रखी गई है। हालांकि, ऊपरी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के लिए अभी नई टाइमिंग कैमूर के अलावा किसी अन्य जिले में नहीं लगाई गई है।




साइन इन