मैं तो 24 घंटे में झोला उठाकर चल दूंगा; राबड़ी बंगला विवाद पर ऐसा क्यों बोल गए सम्राट चौधरी?
Samrat Choudhary News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राबड़ी देवी बंगला विवाद पर तंज कसते हुए कहा कि सरकारी घर किसी की बपौती नहीं है। अपनी बात करते हुए उन्होंने कहा कि अपने नेता के कहते ही वे 24 घंटे में झोला उठाकर चले जाएंगे।

Samrat Choudhary News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास और सुरक्षा को लेकर चल रहे हाई-प्रोफाइल विवाद पर अब तक का सबसे बड़ा और तीखा हमला बोला है। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिए लालू परिवार पर करारा तंज कसा। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी घर किसी की बपौती संपत्ति नहीं है, इसे हर हाल में छोड़ना ही पड़ेगा और जो लोग घर नहीं छोड़ रहे हैं, वे कान खोलकर सुन लें कि जनता ही असली मालिक है।
'नेता कहेंगे तो एक मिनट नहीं लगाऊंगा'- सीएम ने सरकारी बंगले के मोह पर घेरा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने बेबाक अंदाज में कहा कि हम लोग राजनीति में जनता की भलाई और सेवा करने के लिए आए हैं, अपने निजी कल्याण या ऐशो-आराम के लिए नहीं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा, "जिस दिन मेरी पार्टी और हमारे नेता कहेंगे कि आपका काम यहीं पर समाप्त होता है, सम्राट चौधरी मात्र 24 घंटे के भीतर अपना झोला उठाकर अपने प्राइवेट घर में चला जाएगा, मैं एक पल भी सरकारी घर में नहीं रहूंगा।" सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का सेवक वही है जिसे पदों या बड़े-बड़े सरकारी बंगलों का कोई लालच न हो।
'मां और बेटे को अलग-अलग बंगला और सुरक्षा चाहिए'
लालू परिवार के बंगला विवाद पर तीखा तंज कसते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि यहां कुछ लोगों को सरकारी व्यवस्थाओं से ऐसा मोह हो गया है कि मां को अलग घर चाहिए और बेटे को अलग घर चाहिए, साथ ही सबको अलग सुरक्षा भी चाहिए! उन्होंने कहा कि “ यह लोकतंत्र है, कोई राजतंत्र या राजा-महाराजाओं का दौर थोड़े ही न है।” उन्होंने बताया कि वह खुद 1999 से सरकार में मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं और आज जिस घर में हैं, वह उनका 11वां सरकारी घर है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री रहते हुए भी कई बार सिर्फ अपने 2400 स्क्वायर फीट के निजी घर में रहकर समय काटा है।
नीतीश कुमार का दिया उदाहरण, बोले— 'गुंडागर्दी करने वालों की जगह सिर्फ जेल में'
सीएम सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि 15 तारीख को जब उन्होंने पद छोड़ा, तो तुरंत 1 तारीख को उन्होंने मुख्यमंत्री आवास खाली कर दिया और दूसरे घर में चले गए। मैंने भी सीएम आवास में जाते ही बाहर लिखवा दिया कि 'यह लोक सेवक का आवास है'। अपने 'हरे गमछे' वाले बयान पर चल रहे विवाद को शांत करते हुए उन्होंने कहा कि हरा रंग हरियाली और शांति का प्रतीक है, लेकिन जो लोग बिहार में गुंडागर्दी करेंगे, उनका स्थान सिर्फ और सिर्फ जेल में होगा। बिहार अब पूरी तरह संविधान और सुशासन से चलेगा।




साइन इन