ट्रिपल सी पर कोई समझौता नहीं करेंगे; क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर सम्राट चौधरी का कमिटमेंट
बिहार विधानसभा में बहुमत साबित करने के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'ट्रिपल सी' (क्राइम, करप्शन, कम्युनलिज्म) के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 14 करोड़ बिहारियों के आशीर्वाद से वे इस पद पर बैठे हैं और जनता के हितों के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

Samrat Chaudhary in Bihar Vidhansabha: बिहार विधानसभा में एनडीए सरकार के बहुमत साबित करने के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आक्रामक तेवरों से विपक्ष को चारों खाने चित कर दिया। सदन के भीतर अपनी बात रखते हुए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि नई सरकार सुशासन के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार 'ट्रिपल सी' यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम करेगी।
सुशासन का लिया संकल्प
बहुमत साबित करने की प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में कहा कि बिहार में अब कानून का राज ही सर्वोपरि होगा। उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से आगे भी किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सम्राट ने राजद का नाम लिए बिना पिछली कार्यप्रणालियों पर कटाक्ष किया और साफ किया कि विकास की राह में जो भी अपराधी या भ्रष्टाचारी आएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
14 करोड़ बिहारियों का मान
विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भावुक भी नजर आए। उन्होंने अपने पद की गरिमा का जिक्र करते हुए कहा, "यह जो पद मुझे मिला है, मैं यहाँ 14 करोड़ बिहारियों के आशीर्वाद से बैठा हुआ हूँ।" उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी व्यक्ति विशेष के प्रति नहीं, बल्कि बिहार की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। उनके इस बयान को सदन में मौजूद एनडीए विधायकों ने मेज थपथपाकर सराहा।
सदन में बहुमत परीक्षण के दौरान सम्राट चौधरी का यह बयान न केवल सरकार की मंशा जाहिर करता है, बल्कि आने वाले समय में उनकी कार्यशैली का खाका भी पेश करता है। उन्होंने भ्रष्टाचार की फाइलों और अपराध के गठजोड़ को पूरी तरह खत्म करने का आह्वान किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 'ट्रिपल सी' का यह नया नारा आने वाले चुनावों में भी सरकार का सबसे बड़ा हथियार बनेगा।




साइन इन