राहुल गांधी की यात्रा में संजय यादव और डब्लू सिंह के बॉडीगार्ड भिड़े, तेज प्रताप की तेजस्वी को नसीहत
औरंगाबाद जिले में राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव के करीबी एवं आरजेडी के राज्यसभा सांसद संजय यादव के बॉडीगार्ड की पार्टी के नबीनगर से विधायक डब्लू सिंह के बॉडीगर्ड आपस में भिड़ गए। तेज प्रताप यादव ने इस पर चुटकी ली है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार में वोटर अधिकार यात्रा चल रही है। औरंगाबाद जिले में यात्रा के दौरान सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राज्यसभा सांसद संजय यादव और नबीनगर से विधायक विजय कुमार उर्फ डब्लू सिंह के बॉडीगार्ड भिड़ गए। दोनों के अंगरक्षकों में बहस होने लगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस पर चुटकी ली है। आरजेडी एवं लालू परिवार से निष्कासित तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई एवं बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को एक बार फिर 'जयचंदों' से दूर रहने की नसीहत दे दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार सुबह औरंगाबाद जिले के देव से राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव का काफिला गयाजी की ओर बढ़ा। इसी दौरान ओवरटेक करने को लेकर संजय यादव एवं डब्लू सिंह के बॉडीगार्ड्स में बहस हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। विधायक के बॉडीगार्ड गाड़ी के अंदर बैठे थे, जिन्हें संजय यादव के बॉडीगार्ड्स ने पीटने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराकर मामला शांत करा दिया।
तेज प्रताप यादव ने इस घटनाक्रम का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने कहा, “मुझे समझ नहीं आ रहा है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव लोकतंत्र बचाने के लिए निकले हैं या फिर लोकतंत्र को तार-तार करने निकले हैं। क्योंकि जिस प्रकार से नबीनगर विधानसभा से विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह के गाड़ी चालक को और उसके साथ एक मीडिया पत्रकार भाई को जयचंद द्वारा मारा-पीटा और गाली गलौज किया गया है, यह बेहद ही गलत और शर्मनाक है। मैं इसकी कड़ी आलोचना करता हूं।”
तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा, "अभी भी समय है। अपने आस-पास के जयचंदो से सावधान हो जाओ नहीं तो चुनाव में बहुत बुरा परिणाम देखने को मिलेगा। अब आप कितने समझदार हैं यह चुनाव परिणाम तय कर देगा।"




साइन इन