लालू लड़े, चाचा नीतीश झुके; तेजस्वी यादव बोले- गुजरात से ही रिमोट से चलेगी बिहार सरकार
तेजस्वी यादव ने कहा कि चाचा नीतीश कुमार झुक गए पर लालू यादव आज भी भाजपा से लड़ाई लड़ रहे हैं, उनका बेटा कभी पीछे नहीं हटेगा।

Tejaswi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि नीतीश कुमार बीजेपी के आगे झुक गए। इसी का नतीजा उन्हें भुगतना पड़ा। उन्हें दिल्ली भेज दिया गया और बीजेपी गुजरात से बिहार की सरकार चलाएगी। तेजस्वी यादव रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित पान समाज के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लालू यादव आज भी भाजपा से लड़ाई लड़ रहे हैं, उनका बेटा कभी पीछे नहीं हटेगा। कार्यक्रम का आयोजन सरहसा विधायक आई पी गुप्ता की पार्टी इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी की ओर से किया गया था। इसमें राहुल गांधी को भी न्योता दिया गया था।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश मेंअच्छे दिन नहीं ला पाए पर हम सब लोग मिल गए तो बिहार में अच्छे दिन जरूर लाएंगे। पान समाज को आरक्षण महागठबंधन ही दिला सकता है क्योंकि बीजेपी आरक्षणखोर पार्टी है। आरक्षण के बल पर यह समाज मुख्य धारा में आएगा और आपको हक अधिकार दिलाने में राष्ट्रीय जनता दल पूरी ताकत के साथ लड़ेगा। भाजपा कभी आपको हक अधिकार नहीं देगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि विगत विधानसभा चुनाव का रिजल्ट असली नहीं बल्कि मशीन का रिजल्ट है। तंत्र मंत्र लगाकर मशीन और धन का खेला हुआ। हम लोगों के 35 विधायक हैं पर कम नहीं है। किसी को उठाने के लिए चार लोगों की जरूरत पड़ती है। चुनाव में 10 हजार बांट कर सरकार ने वोट ले लिया। अब दो लाख नहीं दे रहे हैं। हम लोगों की योजना की चोरी करके एनडीए ने लोक लुभावन वादे किए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को बर्वाद कर दिया। जो व्यक्ति 20 सालों तक मुख्यमंत्री रहे उन्हें राज्यसभा भेज दिया गया। उनकी विदाई कर दी गई। अब जदयू का भविष्य अंधेरे में है। चिराग पासवान हनुमान बनते हैं पर उनका बंगला ही छीन लिया। चाचा भतीजा को लड़वाकर पार्टी को तोड़ दिया गया। अब जरूरत पड़ी तो फिर मिला लिया। यह बात उनकी समझ में नहीं आ रही है।
तेजस्वी यादवने यह भी कहा कि एनडीए सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। जब हमारी सरकार थी तो 5 लाख शिक्षकों की बहाली की गयी। आज टीआरई 4 के अभ्यर्थी सड़क पर आन्दोलन कर रहे हैं पर कोई सुनने वाला नहीं है। बिहार के 76 हजार स्कूलों में संगीत शिक्षक की बहाली नहीं की गई पर स्कूलों में 160 करोड़ का हारमोनियम, तबला, ढोलक, झाल भेज दिया गया। इतना बड़ा घोटाला किया गया पर कोई पूछने वाला नहीं है।




साइन इन