50 हजार लेते राजस्व कर्मी धराया, दाखिल खारिज के लिए मांगा था घूस; विजिलेंस टीम ने दबोचा
निगरानी विभाग की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सह राजस्व अधिकारी रणजीत कुमार उर्फ रणजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई।

बिहार में एक घूसखोर लोकसवेक निगरानी टीम के हत्थे चढ़ गया। नवादा जिले के सिरदला प्रखंड परिसर स्थित अंचल कार्यालय में शुक्रवार को पटना निगरानी विभाग की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सह राजस्व अधिकारी रणजीत कुमार उर्फ रणजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई। पूछताछ में कई और नामों का खुलासा हो सकता है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा जाएगा। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
निगरानी विभाग के अनुसंधानकर्ता डीएसपी आदित्य राज ने बताया कि परिवादी उमेश कुमार, ग्राम पंचायत चौकियां, ग्राम बनियाडीह ने 10 जुलाई को एक शिकायत पत्र दिया था। इसके सत्यापन के बाद निगरानी थाना में 24 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान पता चला कि राजस्व कर्मचारी रणजीत पासवान छह डिसमिल जमीन की दाखिल खारिज के लिए 50 हजार रुपये मांग रहा था। उसके बाद टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। आरोपी कर्मी को कैश लेते गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इसी के बाद शुक्रवार को सिरदला अंचल के राजस्व कर्मचारी को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया। आगे की कार्रवाई के लिए पटना निगरानी थाना उसे अपने साथ ले गई। टीम में इंस्पेक्टर मुरारी प्रसाद, राजीव कुमार सिपाही, हिमांशु कुमार सिपाही, शशिकांत कुमार अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
इधर पीड़ित उमेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी रणजीत पासवान ने दाखिल खारिज के लिए परेशान करके रखा था। वह खुलकर 50 हजार घूस की मांग कर रहा था। कई बार सीओ और अन्य अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी काम नहीं कर रहा था। मजबूर होकर निगरानी विभाग में कंप्लेन करना पड़ा। अंचल कार्यालय में निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।




साइन इन