वंदे भारत एक्सप्रेस से टकराकर रिटायर्ड कर्मी की दर्दनाक मौत, पुल के नीचे सड़क पर बिखरा शव
जहानाबाद में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की टक्कर लगने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। शव के टुकड़े पुल से नीचे सड़क पर बिखर गए। बुजुर्ग प्रखंड कार्यालय से रिटायर्ड कर्मी थे। वह रेलवे ट्रैक क्रॉस कर दूसरी तरफ जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

बिहार के जहानाबाद में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक रिटायर्ट सरकारी कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जहानाबाद कोर्ट हॉल्ट के उत्तर दिशा में गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे हुआ। वंदे भारत ट्रेन से टकराते ही बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव क्षत-विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक के निकट बत्तीस भवरिया पुल के नीचे सड़क पर जा गिरा।
मृतक की पहचान नरेंद्र गिरी उर्फ गिरीजी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटना के रहने वाले थे और जहानाबाद कोर्ट के निकट मोहल्ले में एक अपार्टमेंट के समीप मकान बनाकर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। नरेंद्र गिरी पूर्व में प्रखंड कार्यालय में कार्यरत थे और वहीं से सेवानिवृत हुए थे।
घटना की सूचना पाकर जहानाबाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भिजवाया। इसके बाद उनके परिवार के बारे में तलाश की। सूचना पाकर शाम में परिजन आए और शव की पहचान की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
एक साथ आई दो ट्रेनें, फिर वंदे भारत से टक्कर
इस घटना के संबंध में कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उक्त बुजुर्ग हॉल्ट के रेलवे ट्रैक को क्रॉस कर दूसरी ओर जाना चाह रहे थे। उसी दौरान गयाजी की ओर से तेज रफ्तार में वंदे भारत एक्सप्रेस आ रही थी। उसी समय पटना की ओर से भी एक पैसेंजर ट्रेन आ रही थी।
इसी गहमागहमी में बुजुर्ग ट्रैक को क्रॉस नहीं कर पाए। फिर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन से उनकी इतनी जोरदार टक्कर हुई कि बुजुर्ग का शव बिखर गया। क्षत-विक्षत हालत में पुल के नीचे सड़क पर गिरे शव को पहचानना भी मुश्किल हो रहा था।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। उस वक्त किसी ने शव की पहचान नहीं की थी। इसकी सूचना नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद को दी गई। नगर थाने के एएसआई विमलेंदु प्रकाश वहां पहुंचे।
उन्होंने बताया कि तहकीकात में शव की पहचान हुई। मृतक पटना के निवासी थे। पुलिस को परिजनों ने बताया कि वे जहानाबाद प्रखंड कार्यालय से रिटायर हुए थे और घर बनाकर अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। किसी काम से वह गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन से हादसा हुआ। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
(जहानाबाद से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन