बिहार चुनाव: अनंत सिंह से लेकर रीतलाल यादव तक, टिकट की कतार में बाहुबलियों के रिश्तेदार भी
पटना जिले के दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव और मोकामा से अनंत सिंह खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वहीं, मुंगेर से अशोक महतो अपनी पत्नी के लिए टिकट की व्यवस्था कर रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव में कई बाहुबली भी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। हत्या, अपहरण जैसे कई गंभीर कांडों के आरोपित बाहुबली विभिन्न दलों से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। खास बात है कि कुछ स्वयं के लिए तो कुछ अपने रिश्तेदारों के लिए टिकट की जुगाड़ में हैं। पटना जिले के दानापुर से राजद विधायक रीतलाल यादव और मोकामा से अनंत सिंह खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वहीं, मुंगेर से अशोक महतो अपनी पत्नी के लिए टिकट की व्यवस्था कर रहे हैं।
इसी तरह, कोसी इलाके में आनंद मोहन, भोजपुर में सुनील पांडेय, वैशाली में रामा सिंह, नवादा में राजबल्लभ यादव, अखिलेश सिंह, कौशल यादव आदि बाहुबलियों का दबदबा है। इनके रिश्तेदार चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी पूरी कर चुके हैं। राज्य के लगभग हर इलाके में बाहुबलियों का निर्णायक प्रभाव है और इनकी उपस्थिति स्थानीय वोट बैंक को प्रभावित करती है। कई बाहुबली जातिगत आधार पर भी प्रमुख दलों से टिकट की मांग कर रहे हैं।
एडीआर के आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान बिहार विधानसभा के 49 फीसदी विधायकों पर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड को जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष मुहिम शुरू की है। इसके तहत आपराधिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को अपने अपराध का ब्योरा सार्वजनिक रूप से प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि मतदाता स्वविवेक से मतदान पर फैसला ले सकें।




साइन इन