बिहार चुनाव में भोजपुरी सितारों का तड़का, पवन-मैथिली और अक्षरा सिंह; खेसारी भी लड़ सकते हैं चुनाव
गायक और अभिनेता रितेश पांडे पहले ही प्रशांत किशोर के साथ जुड़ चुके हैं। गायक राधेश्याम रसिया भी चुनावी रण में कूदने की तैयारी में हैं। खेसारी लाल यादव के लिए भी चर्चा है। हालांकि, अब तक उन्होंने पत्ते नहीं खोले हैं

बिहार के विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे सियासी पारा गरमा रहा है, भोजपुरी सितारों का तड़का लगना भी शुरू हो गया है। इनमें कुछ तो चुनाव मैदान में नजर भी आ सकते हैं। भाजपा में इसे लेकर ज्यादा सक्रियता दिख रही है। पवन सिंह के बाद, लोक गायिका मैथिली ठाकुर और भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह की भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद इनके शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने पवन सिंह की घर वापसी कराई और उनके रालोमो नेता उपेंद्र कुशवाहा के साथ गिले शिकवे दूर कराए। इसके बाद तावड़े ने भोजपुरी लोक गायिका मैथिली ठाकुर से मुलाकात की और मैथिली ने अपनी चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर दी। इस बीच, भोजपुरी फिल्म अभिनेभी अक्षरा सिंह ने भी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर अटकलों को तेज कर दिया है।
हालांकि, अक्षरा ने सोशल मीडिया पर तस्वीर के साथ लिखा, बिहार के केंद्रीय मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस मुलाकात के बाद से ही कयास लगाए जा रहे हैं कि अभिनेत्री बिहार के चुनावी दंगल में कूदने के लिए तैयारी कर रही हैं। इससे पहले अक्षरा सिंह को प्रशांत किशोर के साथ भी देखा गया था।दरअसल जैसे-जैसे बिहार चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं।
गायक और अभिनेता रितेश पांडे पहले ही प्रशांत किशोर के साथ जुड़ चुके हैं। गायक राधेश्याम रसिया भी चुनावी रण में कूदने की तैयारी में हैं। खेसारी लाल यादव के लिए भी चर्चा है। हालांकि, अब तक उन्होंने पत्ते नहीं खोले हैं, पर माना जा रहा है कि राजद के टिकट से खेसारी चुनाव लड़ सकते हैं।




साइन इन