विक्रमशिला सेतु हादसे के बाद रेलवे ऐक्शन में, कोसी से देवघर के लिए स्पेशल ट्रेन का ऐलान
Vikramshila Setu Collapse: विक्रमशिला सेतु टूटने से हो रहे आवागमन संकट को दूर करने के लिए रेलवे 7 मई 2026 से 31 मई 2026 तक सरायगढ़ से भागलपुर होते हुए देवघर तक प्रतिदिन मेमू स्पेशल ट्रेन चलाएगा।

Vikramshila Setu Collapse: भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का स्पैन टूटने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पुल पर वाहनों का परिचालन ठप होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों के इस बड़े संकट को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक अहम फैसला लिया है। सड़क संपर्क भंग होने के बीच अब कोसी क्षेत्र के सरायगढ़ से सहरसा और भागलपुर होते हुए देवघर तक एक मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन पुल हादसे के बाद गंगा के दोनों छोर को जोड़ने का एक मजबूत और सुरक्षित विकल्प बनेगी।
सरायगढ़ से देवघर तक का सफर और टाइमिंग
रेलवे के अनुसार, सरायगढ़-देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन 7 मई से 31 मई तक प्रतिदिन अप और डाउन दोनों दिशाओं में 25-25 ट्रिप लगाएगी। सरायगढ़ से यह ट्रेन (05573) अहले सुबह 3:05 बजे खुलेगी, 4:30 बजे सहरसा पहुंचेगी और सुबह 8:30 बजे भागलपुर होते हुए दिन के 11:20 बजे देवघर पहुंचेगी। वहीं वापसी में देवघर से यह ट्रेन (05574) सुबह 11:35 बजे प्रस्थान करेगी, जो दोपहर 2:20 बजे भागलपुर, शाम 5:50 बजे खगड़िया और रात 8:40 बजे सहरसा होते हुए रात 10:15 बजे सरायगढ़ पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन सुपौल, सिमरी बख्तियारपुर, मुंगेर, सुल्तानगंज और बांका जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।
कारोबारियों के लिए संजीवनी
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से कोसी क्षेत्र के व्यापारियों का भागलपुर आना-जाना मुश्किल हो गया था। इस ट्रेन के चलने से सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिले के सिल्क कारोबारियों को भागलपुर और अंग क्षेत्र के अन्य हिस्सों में पहुंचने में भारी सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही, सुल्तानगंज उतरकर जल भरने वाले कांवरियों और बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना के लिए देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह स्पेशल ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं है।
अधिकारियों ने कहा- आवागमन सुगम बनाना लक्ष्य
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चन्द्र और समस्तीपुर मंडल के पीआरओ आर.के. सिंह ने बताया कि भागलपुर के पास गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधित होने के कारण लोगों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा था। इसी परेशानी को दूर करने और गंगा के दोनों ओर आवाजाही की सुविधा बहाल करने के लिए ही सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेन चलाने का तुरंत निर्णय लिया गया है।




साइन इन