पूर्णिया एयरपोर्ट से इन 4 शहरों के लिए फ्लाइट, इंडिगो और एयर इंडिया ने दिखाई दिलचस्पी
पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होने से पहले इंडिगो और एयर इंडिया ने यहां से विमान से सेवा संचालित करने में दिलचस्पी दिखाई है। पूर्णिया से दिल्ली, मुंबई समेत कुल 4 शहरों के लिए फ्लाइट उड़ाने का प्रस्ताव अब तक आया है।

बिहार के सीमांचल क्षेत्र में स्थित पूर्णिया एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन कुछ दिनों में शुरू होने जा रहा है। पूर्णिया से देशभर के 4 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव आया है। इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल है। इंडिगो और एयर इंडिया जैसी एयरलाइन्स कंपनियों ने इन शहरों के लिए पूर्णिया से फ्लाइट शुरू करने में दिलचस्पी दिखाई है। पूर्णिया के चूनापुर में हवाई अड्डा पर अंतरिम टर्मिनल समेत अन्य निर्माण कार्य जोरों से चल रहे हैं। ये कार्य 10 अगस्त तक पूरे होने की संभावना है। सरकार ने पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होने की डेडलाइन 15 अगस्त रखी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त या सितंबर महीने में इसका उद्घाटन शुरू कर सकते हैं। हालांकि, विमानों का संचालन डीजीसीए की मंजूरी के बाद ही शुरू हो पाएगा।
पूर्णिया हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (डीजीसीए) से मंजूरी मिलेगी। डीजीसीए के एप्रूवल मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय होगा। पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि पीएम मोदी हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया हवाई अड्डा से हवाई सेवा की शुरूआत करेंगे। एप्रूवल मिलने के बाद प्रधानमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित होगा। इसके बाद पूर्णिया हवाई अड्डा से विमान का परिचालन शुरू हो जाएगा।
बता दें कि डीजीसीए भारत में नागरिक उड्डयन का नियामक प्राधिकरण है। डीजीसीए संतुष्ट हो जाता है कि हवाई अड्डा सभी आवश्यकताओं को पूरा करता है, तो वह पूर्णिया से हवाई सेवा शुरू करने के लिए अनुमोदन प्रदान करेगा। यह अनुमोदन एक निरंतर प्रक्रिया होती है। डीजीसीए समय-समय पर हवाई अड्डों का निरीक्षण करता रहेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सुरक्षा और नियामक मानकों का पालन कर रहे हैं।
पूर्णिया एयरपोर्ट पर पहले से एयर ट्रैफिक कंट्रोल
पूर्णिया में सैन्य हवाई अड्डा है, इसलिए यहां एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) पहले से मौजूद है। पूर्णिया एयरपोर्ट पर 4000 स्क्वायर मीटर में अंतरिम टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। टर्मिनल भवन सभी आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस। इसके निर्माण पर 46 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूर्णिया हवाई अड्डे पर 2800 मीटर का रनवे है। खराब मौसम में उड़ानें बाधित न हो इसके लिए यहां कैट-टू लाइट भी लगाई जाएगी।
बागडोगरा से बड़ा होगा पूर्णिया एयरपोर्ट का परिसर
पूर्णिया एयरपोर्ट पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डा की तुलना में बड़ा होगा। यहां कुल 67.18 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। 52.18 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पहले हो चुका है। 15 एकड़ जमीन का अधिग्रहण बाद में किया गया है। पूर्णिया हवाई अड्डा के कुल 1706 मीटर में चहारदीवारी का निर्माण भी अंतिम चरण में है। रनवे से टर्मिनल बिल्डिंग को जोड़ने का काम शुरू हो गया है।
10 अगस्त तक काम पूरा करने का लक्ष्य
पूर्णिया एयरपोर्ट पर चल रहे निर्माण कार्यों को 10 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जायेगा। इनमें तेजी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्णिया पश्चिमी, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान में कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग के द्वारा बताया गया कि अंतरिम टर्मिनल बिल्डिंग को जोड़ने वाली सड़क का काम 10 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी के साथ कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग पूर्णिया ने भी आश्वस्त किया कि पूर्णिया एयरपोर्ट की चहारदीवारी का कार्य भी 10 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान, जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देश दिया कि पूर्णिया एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सभी सड़कों की मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा करना सुनिश्चित करें।




साइन इन