बिहटा एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे जंबो जेट विमान, 1159 मीटर बढ़ेगी रनवे की लंबाई
बिहटा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रनवे की लंबाई को बढ़ाया जाएगा। ताकि यहां जंबो जेट विमानों को उड़ाया जा सकेगा। इससे इंटरनेशनल फ्लाइट का संचालन संभव होगा।

बिहार के पटना जिले में बिहटा एयरपोर्ट के निर्माण का काम शुरू हो गया है। नागरिक विमानों के संचालन के अनुकूल तैयार करने को एएआई की ओर से प्राथमिक रूप से 460 करोड़ का फंड भी जारी हो गया। एएआई की योजना अगले कुछ महीनों में ही मौजूदा रनवे के विस्तार की है। केंद्र और राज्य सरकार इस बात पर एकमत है कि बिहटा एयरपोर्ट पर जंबो जेट उड़ान के अनुकूल तैयार किया जाएगा। इससे ए-321, बी-737-800 और ए-320 जैसे बड़े विमान आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। इसके लिए रनवे की लंबाई 1159 मीटर तक बढ़ाई जाएगी।
एयरपोर्ट सूत्रों की मानें तो टर्मिनल भवन के निर्माण से पहले रनवे विस्तार की प्रक्रिया हर हाल में पूरी कर ली जाएगी, ताकि बड़े विमानों के उतरने में जो बाधा पटना एयरपोर्ट पर आ रही है, वह समस्या बिहटा हवाई अड्डे पर न बने। यह स्थिति इस वजह से बनी है क्योंकि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के निर्माण व संचालन शुरू होने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फिलहाल ग्रहण है। इसकी अहम वजह संरक्षा से जुड़ी है। अहमदाबाद विमान हादसे के बाद संरक्षा के कड़े प्रावधानों को देखते हुए एएआई और बिहार सरकार समन्वय बनाकर पटना एवं बिहटा दोनों हवाई अड्डे के रनवे विस्तार की संभावनाओं पर काम कर रही है। अगले कुछ हफ्तों में इस पर निर्णय होगा।
2499 मीटर लंबा है रनवे, बढ़ाकर 3658 मीटर किया जाएगा
बिहटा एयरपोर्ट का मौजूदा रनवे 2499 मीटर लंबा है। इसे बढ़ाकर कुल 3658 मीटर किया जाएगा। इसके लिए एएआई और बिहार सरकार के द्वारा हर स्तर पर काम हो रहा है। बिहटा एयरपोर्ट का क्षेत्रफल पटना एयरपोर्ट से ज्यादा बड़ा होगा। पटना एयरपोर्ट 65000 वर्ग मीटर में है जबकि बिहटा एयरपोर्ट 68000 वर्ग मीटर में होगा। बिहटा में अब तक एयरपोर्ट के रनवे का इस्तेमाल एयरफोर्स के द्वारा किया जाता रहा है। नागरिक विमान शुरू होने के बावजूद बिहटा एयरपोर्ट के रनवे और एटीसी पर एयरफोर्स का नियंत्रण रहेगा। रनवे से सबसे पहले घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू होंगी।
मार्च 2027 तक यात्री उड़ानें शुरू होने की उम्मीद
मार्च 2027 से नागरिक विमानों की आवाजाही होगी। बिहटा एयरपोर्ट के पहले चरण के निर्माण में यात्री टर्मिनल भवन, सर्विस ब्लॉक, फायर स्टेशन व एप्रॉन का निर्माण कार्य चल रहा है। दूसरे चरण के कार्य के लिए एएआई ने टेंडर जारी कर दिया है। दूसरे चरण में इसमें मल्टी लेवल कार पार्किंग, स्टाफ के लिए कालोनी का निर्माण, रनवे आदि शामिल है। निर्माण पर 1453 करोड़ रुपए खर्च होंगे।




साइन इन