यह हार की बौखलाहट है; राजद नेता तेजस्वी के मूत्र वाले बयान पर सियासत तेज, बीजेपी प्रवक्ता नीरज का पलटवार
नीरज ने कहा कि बिहार की जनता ने उनकी नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले तेजस्वी बौखलाहट में हैं।

रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेता प्रतिपक्ष बिहार और महागठबंधन को-ऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विवादित बयान दिया। भारतीय निर्वाचन आयोग से संबंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ऐसे सूत्र को हम मूत्र समझते हैं। तेजस्वी ने यह बयान अपने एक्स हैंडल पर शेयर भी किया। उनके बयान पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि यह हार की बौखलाहट है। तेजस्वी यादव माफी मांगें नहीं तो जनता चुनाव में जवाब देगी।
जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहा है वैसे-वैसे नेताओं के जुबान से जहरीले बयानों में तेजी आती जा रही है। बात-बात पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कानून व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर सवालों के कठघरे में खड़ा करने वाले तेजस्वी यादव ने रविवार को हद कर दी। उन्होंने चुनाव आयोग के सूत्र को मूत्र करार दिया। कहा कि जो ऑपरेशन सिंदूर के समय पाकिस्तान के कराची और इस्लामाबाद पर कब्जे की बात कर रहे थे उन्हें सूत्र नहीं मूत्र समझते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर सूत्रों से खबर प्लांट कराने का आरोप लगाया। तेजस्वी यादव ने अपने बयान की क्लिप सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया।
जवाब में बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह तेजस्वी यादव की हार की बौखलाहट बोल रही है। तेजस्वी यादव की हिम्मत देखिए, पहले वक्फ बिल को कूड़ेदान में फेंका, अब चुनाव आयोग के सूत्र को 'मूत्र' बता रहे हैं। RJD का असली चेहरा है- संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना, लोकतंत्र पर थूकना। दरअसल तेजस्वी की यह गंदी भाषा उनकी हार की बौखलाहट है, क्योंकि बिहार की जनता ने उनकी नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले तेजस्वी, क्या बिहार को फिर जंगलराज की आग में झोंकना चाहते हैं ? माफी मांगो, वरना जनता सड़क पर और चुनाव में जवाब देगी।




साइन इन