बिहार में ‘जाति’ पर सियासी आग, मंगल पांडेय का तेजस्वी पर बड़ा हमला; ‘जंगलराज’ की याद दिलाई
Bihar Politics: भाजपा नेता मंगल पांडेय ने तेजस्वी यादव के 'जाति देखकर कार्रवाई' वाले आरोप को तथ्यहीन बताया है। उन्होंने कहा कि आज अपराधियों पर बिना भेदभाव 'जीरो टॉलरेंस' के तहत ऐक्शन हो रहा है।
Bihar Politics: बिहार के राजनीतिक गलियारों में अपराधियों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत की जा रही सख्त कार्रवाई को 'जाति देखकर कार्रवाई' बताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और पूरी तरह से तथ्यहीन है। मंगल पांडेय ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव का यह बयान राष्ट्रीय जनता दल की उसी मानसिकता को उजागर करता है, जिसने 15 सालों तक बिहार को 'जंगलराज' के खौफनाक दौर में धकेले रखा था।
2005 से पहले जाति देखकर तय होते थे पीड़ित
भाजपा नेता मंगल पाण्डेय ने लालू-राबड़ी राज के पुराने दिनों की याद दिलाते हुए तेजस्वी यादव को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी को बयान देने से पहले अपने दल के शासनकाल का इतिहास और जंगलराज का आईना जरूर देखना चाहिए। मंगल पांडेय ने कहा, "वर्ष 2005 से पहले बिहार में थानों और सत्ता के गलियारों में 'जाति' देखकर पीड़ित तय होते थे और असहाय लोगों को कोई मदद नहीं मिलती थी।" उन्होंने साफ किया कि आज सम्राट सरकार के सुशासन में ऐसा नहीं है। रंगदारी, हत्या और लूट करने वाला अपराधी चाहे किसी भी जाति या वर्ग का हो, कानून का डंडा सब पर समान रूप से चल रहा है।
सम्राट के नेतृत्व में 'जीरो टॉलरेंस' पर काम कर रही बिहार पुलिस
तेजस्वी यादव को अफवाह न फैलाने की नसीहत देते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार पुलिस 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर मजबूती से आगे बढ़ रही है। कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, "गोली अपराधी चलाता है, और पुलिस अब उसका माकूल जवाब देती है। पुलिस की गोली कभी किसी की जाति या धर्म पूछकर नहीं चलती।" अपराधियों के खिलाफ उठाए जा रहे कदम पूरी तरह निष्पक्ष हैं।
डायल-112' बिना जाति पूछे 15 मिनट में पहुंच रही
पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता मंगल पांडेय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज बिहार का कोई भी नागरिक संकट में होने पर जब आपातकालीन नंबर 'डायल-112' पर कॉल करता है, तो पुलिस की गाड़ी बिना किसी की जाति या धर्म पूछे महज 15 मिनट के भीतर मदद के लिए मौके पर पहुंच जाती है। आज का बिहार न्याय के साथ विकास के रास्ते पर चल रहा है।




साइन इन