Police searching for liquor found bag full of money had to call for cash counting machine शराब खोजने गई पुलिस को मिला रुपयों से भरा बैग, नोट गिनने के लिए मंगवानी पड़ी मशीन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

शराब खोजने गई पुलिस को मिला रुपयों से भरा बैग, नोट गिनने के लिए मंगवानी पड़ी मशीन

सस्तीपुर में शराब खोजने गई पुलिस को एक झोपड़ी से रुपयों से भरा बैग मिल गया। नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। इतनी भारी मात्रा में कैश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस घर के मालिक से पूछताछ कर रही है।

Tue, 10 Feb 2026 11:14 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, चकमेहसी (समस्तीपुर)
share
शराब खोजने गई पुलिस को मिला रुपयों से भरा बैग, नोट गिनने के लिए मंगवानी पड़ी मशीन

शराबबंदी वाले बिहार के समस्तीपुर में दारू पकड़ने गई पुलिस को रुपयो से भरा बैग मिल गया। बैग में इतने रुपये थे कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। यह बैग पुलिस को सड़क किनारे एक झोपड़ीनुमा घर से मिला। पुलिस ने झोले से कुल 43 लाख 94 हजार 500 रुपये (लगभग 44 लाख) नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कई थानों की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी अरविंद प्रताप सिंह भी मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सैदपुर बाजार समिति के निकट सड़क किनारे स्थित कृष्णा राय के झोपड़ीनुमा घर में शराब रखी है। चकमेहसी थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने वहां दबिश दी तो शराब की जगह कार्टून के अंदर झोले में रखे रुपयों के बंडल मिले। थानाध्यक्ष ने तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों और सीओ को दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्णिया में पनोरमा के दफ्तरों पर आयकर छापा, कॉलोनी-अपार्टमेंट बना चुका है ग्रुप

मशीन मंगवाकर हुई गिनती, वीडियोग्राफी भी कराई गई

लाखों रुपये मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार, सीओ शशि रंजन, सदर इंस्पेक्टर नीरज तिवारी और पूसा थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। सीओ की निगरानी में नोट गिनने वाली मशीन मंगवाई गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। गिनती के बाद राशि करीब 44 लाख रुपये पाई गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:समस्तीपुर में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना, कोचिंग टीचर था गणेश

युवक का दावा: जमीन बेचकर रखे थे रुपये

सूत्रों के अनुसार, घर के मालिक ने पुलिस को बताया है कि उसने जमीन बेचकर और बैंक से निकासी कर यह राशि घर में रखी थी। हालांकि, पुलिस इतनी बड़ी रकम को घर में रखने के पीछे के कारणों और उसके स्रोतों की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने बरामद राशि को जब्त कर लिया है और युवक से आय से संबंधित वैध कागजात मांगे गए हैं।

सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। वहां से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।