Income Tax raid on Panorama group offices in Purnea पूर्णिया में पनोरमा के दफ्तरों पर आयकर छापा, कॉलोनियां और अपार्टमेंट बना चुका है ग्रुप, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूर्णिया में पनोरमा के दफ्तरों पर आयकर छापा, कॉलोनियां और अपार्टमेंट बना चुका है ग्रुप

पूर्णिया में मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान आईटी टीम ने ग्रुप के कई दस्तावेजों का खंगाला। छापेमारी की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Tue, 10 Feb 2026 06:58 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान संवाददाता, पूर्णिया
share
पूर्णिया में पनोरमा के दफ्तरों पर आयकर छापा, कॉलोनियां और अपार्टमेंट बना चुका है ग्रुप

बिहार में पनोरमा ग्रुप के यहां आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। पूर्णिया में सुबह करीब 6 बजे आयकर विभाग की टीम ने पनोरमा ग्रुप के दफ्तरों पर रेड मारी। आईटी टीम ने बायपास एवं जिला स्कूल रोड स्थित पनोरमा ग्रुप के कार्यालय में अचानक ही धावा बोला। दिन भर छापेमारी चलती रही। हालांकि इस दौरान कोई कुछ बताने को तैयार नहीं थे। छापेमारी के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को दफ्तरों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। यहां तक छापेमारी दल में पूर्णिया स्थित आईटी कार्यालय के पदाधिकारियों तक को शामिल नहीं किया गया था। पूर्णिया के साथ सुपौल में भी पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर सोमवार को छापेमारी की गई।

एक कर्मी ने बताया कि उन लोगों को भी छापेमारी को लेकर विशेष जानकारी नहीं है। बताया गया कि छापेमारी दल में भागलपुर अन्वेषण दल के साथ पटना एवं रांची स्थित कार्यालय के पदाधिकारी शामिल थे। इस दौरान क्या कुछ खंगाला गया, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं दी गई। हालांकि, बताया जा रहा है कि टीम ने पनोरमा ग्रुप के एमडी संजीव मिश्र के पारिवारिक सदस्यों, रिश्तेदारों एवं दफ्तरों के कर्मियों से लंबी पूछताछ की है। साथ ही साथ विभिन्न दस्तावेजों को खंगाला गया है।

एक दशक से चल रहा है कारोबार:

पनोरमा ग्रुप का पूर्णिया में करीब एक दशक से कारोबार चल रहा है। बताया जा रहा है कि इस एक दशक के दौरान ग्रुप ने विभिन्न जगहों पर कॉलोनियां, दो जगह अपार्टमेंट एवं एक जगह बहुउद्देश्यीय दफ्तर बनाए हैं। एक जगह अभी बिल्डिंग निर्माण की दिशा में काम चल रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के सुपौल में पैनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर IT की रेड, स्कूल-अस्पताल खंगाला

शहर में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दो स्थानों, रंगभूमि मैदान के समीप एक जगह, तनिष्क शो रूम के पास एवं जिला स्कूल रोड में पनोरमा ग्रुप की इमारतें हैं। जबकि मधुबनी- मरंगा बायपास के पास अभी बिल्डिंग निर्माण की दिशा में काम चल रहा है। इसके अलावा पूर्णिया के बाहर के जिलों में भी ग्रुप कारोबार फैला हुआ है।

नेताओं और धर्म गुरुओं का लगता रहा है जमावड़ा

पनोरमा ग्रुप की ओर से समय- समय पर आयोजित कराए गए इवेंट में फिल्मी एवं राजनीतिक जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत किया है। पनोरमा में सत्तासीन दल के नेताओं की आमद लगातार होती रही। विपक्षी खेमे के नेता भी जमा होते रहे। कई धार्मिक गुरु भी पनोरमा में पहुंचे। पनोरमा में सभी गणमान्य लोगों का जमकर आतिथ्य सत्कार होता रहा। अभी बाइपास स्थित पैनोरमा के आवासीय कॉलोनी में सैकड़ों की संख्या में लोग आशियाना खरीदकर यहां रह रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।