Now Nitish Kumar in BJP posters after Narendra Modi photo at JDU office मोदी-नीतीश की केमिस्ट्री से लिखी जा रही हिस्ट्री, जेडीयू के बाद बीजेपी दफ्तर में दोनों के पोस्टर लगे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मोदी-नीतीश की केमिस्ट्री से लिखी जा रही हिस्ट्री, जेडीयू के बाद बीजेपी दफ्तर में दोनों के पोस्टर लगे

पटना में जेडीयू कार्यालय में मोदी और नीतीश के पोस्टर लगाए जाने के बाद अब भाजपा दफ्तर में दोनों के पोस्टर लगाए गए हैं। बिहार चुनाव से पहले एनडीए में नीतीश और मोदी की केमिस्ट्री की हिस्ट्री लिखी जा रही है।

Thu, 3 July 2025 04:38 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
मोदी-नीतीश की केमिस्ट्री से लिखी जा रही हिस्ट्री, जेडीयू के बाद बीजेपी दफ्तर में दोनों के पोस्टर लगे

बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों राजनीतिक पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में पोस्टर लगाए गए, जिससे राजनीतिक पारा गर्मा गया। अब भाजपा प्रदेश कार्यालय के पोस्टर में नीतीश की जगह दी गई है। दोनों ही पार्टियों के पोस्टरों में बिहार में दोबारा एनडीए सरकार बनने का दावा किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पोस्टरों के जरिए मोदी और नीतीश की केमिस्ट्री की हिस्ट्री लिखी जा रही है।

जेडीयू कार्यालय के बाहर दीवारों पर मंगलवार को आगामी चुनाव के मद्देनजर कुछ पोस्टर लगाए गए थे। इनमें सीएम नीतीश कुमार के साथ पीएम नरेंद्र मोदी का भी फोटो था। यह पहला मौका है जब जेडीयू दफ्तर में औपचारिक रूप से मोदी का फोटो लगाया गया। इन पोस्टरों में 'महिलाओं की जय-जयकार, लग रहे उद्योग मिल रहे रोजगार, नौकरी रोजगार खुशहाल बिहार, फिर से एनडीए सरकार' जैसे नारे लिखे गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चुनाव बाद जेडीयू का दफ्तर भाजपा का हो जाएगा, मोदी-नीतीश के पोस्टर पर पीके का तंज

जेडीयू के पोस्टर में पीएम मोदी की तस्वीर लगने पर राजनीति होने लगी तो गुरुवार को भाजपा कार्यालय के पोस्टर में भी नीतीश को जगह दे दी गई। इसमें लिखा है- सोच दमदार, काम असरदार, फिर एक बार एनडीए सरकार।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फिर से एनडीए सरकार; जदयू कार्यालय में पहली बार लगे मोदी और नीतीश के पोस्टर

नवंबर के बाद जेडीयू दफ्तर बीजेपी का हो जाएगा- प्रशांत किशोर

जदयू दफ्तर में मोदी के पोस्टर लगने पर जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने नीतीश की पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि नवंबर में विधानसभा चुनाव होने के बाद जेडीयू का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। इसके बाद जदयू का पूरा दफ्तर ही बीजेपी का हो जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।