Modi called Bihar is world pride in Trinidad and Tobago said PM here is Buxar daughter मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो में बिहार को बताया दुनिया का गौरव, भोजपुरी चौताल से स्वागत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो में बिहार को बताया दुनिया का गौरव, भोजपुरी चौताल से स्वागत

त्रिनिदाद एवं टोबैगो पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को नहीं बल्कि पूरी दुनिया का गौरव बताया। उन्होने कहा कि इस देश के कई लोगों के पूर्वज बिहार के हैं। पीएम का भोजपुरी चौताल सुनाकर स्वागत किया गया।

Fri, 4 July 2025 07:49 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो में बिहार को बताया दुनिया का गौरव, भोजपुरी चौताल से स्वागत

कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां रहने वाले अनेक लोगों के पूर्वज बिहार से आए हैं। त्रिनिदाद एवं टोबैगो की पीएम कमला प्रसाद-बिसेसर के पूर्वज बक्सर में रहा करते थे। वह बक्सर आ चुकी हैं, लोग इन्हें बिहार की बेटी मानते हैं। मोदी का राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय द्वारा पारंपरिक भोजपुरी चौताल से स्वागत किया गया।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की विरासत भारत के साथ ही दुनिया का भी गौरव है। लोकतंत्र, राजनीति, कूटनीति और उच्च शिक्षा में बिहार ने सदियों पहले दुनिया को नई दिशा दिखाई थी। 21वीं सदी की दुनिया के लिए भी बिहार की धरती से नई प्रेरणाएं और नए अवसर निकलेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को पांच देशों के दौरे की यात्रा के दौरान गुरुवार को त्रिनिदाद एवं टोबैगो पहुंचे। पोर्ट ऑफ स्पेन में प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने उनकी अगुवानी की। मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पोर्ट ऑफ स्पेन में उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित किया। मोदी त्रिनिदाद एवं टोबैगो की संसद को भी संबोधित करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हरे रामा-हरे कृष्णा सुन PM बजाने लगे ताली, घाना पहुंचने पर भव्य स्वागत- VIDEO

मोदी ने सुना भोजपुरी चौताल

पोर्ट ऑफ स्पेन में स्थानीय लोगों ने बिहार का लोकगीत भोजपुरी चौताल गाकर सुनाया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने भोजपुरी में लिखा, “एगो अनमोल सांस्कृतिक जुड़ाव! बहुत खुशी भइल कि पोर्ट ऑफ स्पेन में हम भोजपुरी चौताल प्रस्तुति के प्रदर्शन देखनी। त्रिनिदाद एंड टोबैगो आ भारत, खास करके पूर्वी यूपी आ बिहार के बीच के जुड़ाव उल्लेखनीय बा।” बतौर प्रधानमंत्री मोदी की त्रिनिदाद एवं टोबैगो की यह पहली यात्रा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब मैं 25 साल पहले यहां आया था। तब और अब हमारी दोस्ती और गहरी हो गई है। बनारस, पटना, कोलकाता और दिल्ली जैसे भारतीय शहरों के नाम यहां की सड़कों पर मौजूद हैं। यहां के लोग नवरात्रि, महाशिवरात्रि और जन्मष्टमी जैसे पर्व धूमधाम से मनाते हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।