पीएम मोदी का डेढ़ महीने में तीसरा बिहार दौरा, मोतिहारी से आज देंगे 7217 करोड़ की सौगात
PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में रैली कर 7217 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। विधानसभा चुनाव से पहले बीते डेढ़ महीने में उनका यह तीसरा बिहार दौरा है।

Narendra Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे पटना-नई दिल्ली समेत 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही राज्य को 7217 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। पीएम मोदी चुनावी साल में लगातार बिहार आ रहे हैं। बीते डेढ़ महीने में उनकी यह तीसरी जनसभा है। इससे पहले उन्होंने 20 जून को सीवान और 30 मई को बिक्रमगंज (रोहतास) में उनकी रैली हुई थी।
पीएम नरेंद्र मोदी के सुबह करीब 11 बजे मोतिहारी पहुंचने का कार्यक्रम है। शहर के गांधी मैदान में जोरशोर से तैयारियां की गई है। सभास्थल पर लगभग डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। उत्तर बिहार के कई जिलों में लोगों के इस रैली में पहुंचने की संभावना है। 10 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
4 अमृत भारत ट्रेनें शुरू करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री मोदी मोतिहारी से कई रेल-सड़क तथा अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अंतर्गत चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इन ट्रेनों में राजेन्द्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से भागलपुर होकर लखनऊ (गोमती नगर) के बीच शामिल हैं।
सड़क और रेल परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
प्रधानमंत्री 820 करोड़ से अधिक की लागत की एनएच-319 के परारिया से मोहनियां तक 4-लेन खंड का उद्घाटन करेंगे। साथ ही एनएच-319 पर 4-लेन के आरा बायपास की आधारशिला रखेंगे, जो आरा-मोहनियां एनएच-319 और पटना-बक्सर एनएच-922 को जोड़ेगा। वहीं, दरभंगा में नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) और पटना में एसटीपीआई की अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 4080 करोड़ रुपये की लागत वाली दरभंगा-नरकटियागंज रेललाइन दोहरीकरण परियोजना से रेललाइन की आधारशीला रखेंगे।
पीएम मोदी मोतिहारी सभा में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बिहार में लगभग 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ रुपये भी जारी करेंगे। 12 हजार लाभार्थियों के गृह प्रवेश के तहत कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 40 हजार लाभार्थियों को 160 करोड़ रुपये से अधिक जारी करेंगे।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना और मोतिहारी संवाददाता के इनपुट के साथ)




साइन इन