4 नई ट्रेनें, रेल लाइन; पीएम मोदी मोतिहारी से बिहार को 7200 करोड़ की सौगात देंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मोतिहारी में जनसभा कर बिहार को 7200 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। इस दौरान वे दिल्ली और लखनऊ के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार को 7217 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 4 नई अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत और रेल लाइनों के दोहरी करण का शिलान्यास एवं लोकार्पण शामिल है। कायर्क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री एवं एनडीए के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद बिहार में यह उनकी 53वीं यात्रा और बीते डेढ़ महीने में तीसरी जनसभा है। 30 मई को वह रोहतास के बिक्रमगंज और 20 जून को सीवान के जसौली आये थे।
पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे मोतिहारी पहुंचेंगे। कायर्क्रम के दौरान वे बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार समेत चार अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन ट्रेनों में राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली, मालदा टाउन-भागलपुर-लखनऊ और दरभंगा-लखनऊ ट्रेन भी शामिल हैं। बापूधाम मोतिहारी से अमृत भारत ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी।
पीएम पटना के पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए आधारभूत संरचना के विकास का शिलान्यास करेंगे। 256 किमी दरभंगा-नरकटियागंज के बीच रेललाइन के दोहरीकरण के शिलान्यास के साथ दरभंगा-थलवारा और समस्तीपुर के बीच रेललाइन दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। बताया गया है कि 114 किमी भटनी-छपरा ग्रामीण रेललाइन के बीच स्वचालित सिग्निलिंग कार्य व भटनी-छपरा ग्रामीण खंड में कर्षण प्रणाली के उन्नयन कार्य का शिलान्यास करेंगे। पीएम पटना में एसटीपीआई के इन्क्यूबेशन सुविधा का भी उद्घाटन करेंगे।
40 हजार लाभार्थियों के खाते में भेजेंगे रुपये
नरेंद्र मोदी गांधी मैदान से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार लाभार्थियों को 162 करोड़ की राशि के साथ 61,500 स्वयं सहायता समूहों को 400 करोड़ की सामुदायिक निधि जारी करेंगे। पीएम के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान में जोरशोर से तैयारी चल रही है। सुरक्षा के जबर्दस्त इंतजाम किये गये हैं। एसपीजी की टीम के अलावा 14 आईपीएस अधिकारी सहित 10000 से अधिक जवानों की तैनाती की गयी है। भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। मोतिहारी के अलावा सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल मुस्तैद हैं। छह बड़े हैंगर बनाये गये हैं। डेढ़ लाख कुर्सियां लगाई गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार की विकास यात्रा में कल 18 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। सुबह करीब 11.30 बजे मोतिहारी में कनेक्टिविटी, आईटी और स्टार्टअप से जुड़े राज्य के कई प्रोजेक्ट के उद्घाटन-शिलान्यास का सौभाग्य मिलेगा। इससे यहां के लोगों के लिए अवसरों के अनेक द्वार खुलेंगे।




साइन इन