PM Narendra Modi Bihar visit will reach Bikramganj rally in open jeep पीएम मोदी खुली जीप से बिक्रमगंज रैली में पहुंचेंगे; कई हाइवे, रेल लाइन की सौगात देंगे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पीएम मोदी खुली जीप से बिक्रमगंज रैली में पहुंचेंगे; कई हाइवे, रेल लाइन की सौगात देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई को रोहतास जिले के बिक्रमगंज रैली के मंच पर खुली जीप में सवार होकर पहुंचेंगे। इस दौरान वे बिहार को कई अहम हाइवे एवं रेलवे प्रोजेक्ट की सौगात देंगे।

Wed, 28 May 2025 06:41 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, नगर संवाददाता, सासाराम
share
पीएम मोदी खुली जीप से बिक्रमगंज रैली में पहुंचेंगे; कई हाइवे, रेल लाइन की सौगात देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई से दो दिन बिहार दौरे पर रहेंगे। 30 मई को उनकी रोहतास जिले के बिक्रमगंज में एक जनसभा प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में वे बिहार को कई हाइवे, रेल लाइन, पुल समेत कई परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। बिक्रमगंज रैली में पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर मंच तक पहुंचेंगे। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पीएम मोदी का यह बिहार दौरा कई मायने में अहम माना जा रहा है।

पीएम नरेंद्र मोदी के बिक्रमगंज के कार्यक्रम को लेकर रोहतास जिले में राजनीतिक सरगर्मी जोरों पर है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. संजय जायसवाल बुधवार को रोहतास पहुंचे। नारायण मेडिकल कॉलेज में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोहतास जिले में आगमन को लेकर पूरे बिहार में उत्साह है। प्रधानमंत्री के द्वारा बिहार में साढ़े 48 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत उनके बिहार के प्रति स्नेह को दर्शाता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी की बिक्रमगंज रैली में मत जाना, लोगों को क्यों रोक रहे मनीष कश्यप?

जायसवाल ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी बिहार की धरती पर ही ऐलान करके गए थे कि पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा की गई कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देंगे। अब ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार वह बिहार की धरती पर आ रहे हैं।

बिक्रमगंज रैली से इन प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे पीएम-

संजय जासवाल ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना-गया-डोभी फोरलेन, गोपालगंज शहर के रिंग रोड, सासाराम और अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां, सोन नगर एवं मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेल लाइन तथा जहानाबाद के नवोदय विद्यालय में डोरमेट्री एवं स्टाफ क्वार्टर का उद्घाटन करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम मोदी के पटना आने से पहले दूसरे दौरे की भी तारीख आ गई, 29 मई को 32 जगह स्टेज

भाजपा नेता ने कहा कि औरंगाबाद जिले के नबीनगर में 2400 मेगावाट की क्षमता वाले ऊर्जा संयंत्र के शिलान्यास के साथ ही पीएम मोदी आरा-सासाराम फोरलेन, वाराणसी रांची-कोलकाता सिक्स लेन के पैकेज-2 एवं 3 तथा 6 और 7 का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि बक्सर और भरौली के बीच गंगा नदी पर पुल का शिलान्यास करने के साथ ही रामनगर कच्ची दरगाह सिक्स लेन एवं हार्डिंग पार्क पटना का फाइव टर्मिनल प्लेटफॉर्म का शिलान्यास भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के तहत केंद्र सरकार द्वारा 48520 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह बिहार के विकास के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को दर्शाता है। जायसवाल ने यह भी कहा कि पीएम खुले जीप से समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच से होते हुए मंच पर जाएंगे। सभी कार्यकर्ता और समर्थकों के प्रति उनके सीधे संवाद को लेकर यह कार्यक्रम तय किया गया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।