PM Modi poster at JDU office blackened against Nitish Kumar Rajya Sabha nomination जदयू कार्यालय में PM मोदी के पोस्टर पर कालिख पोती, नीतीश के राज्यसभा जाने का विरोध तेज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जदयू कार्यालय में PM मोदी के पोस्टर पर कालिख पोती, नीतीश के राज्यसभा जाने का विरोध तेज

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग करते हुए जदयू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पटना में हंगामा कर दिया। जदयू कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे पर कालिख पोत दी गई।

Fri, 6 March 2026 02:56 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
जदयू कार्यालय में PM मोदी के पोस्टर पर कालिख पोती, नीतीश के राज्यसभा जाने का विरोध तेज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले का उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड में विरोध तेज हो गया है। पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हो गए और नीतीश के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। जदयू कार्यालय में लगे पोस्टर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर कालिख भी पोत दी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नीतीश से राज्यसभा जाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

शुक्रवार सुबह से पटना में जदयू कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और बैनर लगाकर नारेबाजी करने लगे। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह बिहार के जनादेश का अपमान है। बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया था। उनके चेहरे पर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा गया था। इसलिए मुख्यमंत्री पद के लिए वही पात्र हैं। जदयू कार्यकर्ताओं ने जदयू अध्यक्ष एवं सीएम नीतीश कुमार से राज्यसभा जाने का फैसला वापस लेने की मांग की है।

जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़

इस दौरान जदयू कार्यालय के बाहर लगे फिर से नीतीश और मोदी के पोस्टर में पीएम के चेहरे पर कालिख भी पोत दी गई। साथ ही जदयू कार्यालय के गेट पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश से राज्यसभा जाने के फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए पोस्टकार्ड भी लिखे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश का 'मार्च' से खास रिश्ता , पटना से दिल्ली तक बिहार सीएम का सियासी सफर

बता दें कि लगभग दो दशक तक बिहार की सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश अब मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गुरुवार को यह ऐलान किया। उन्होंने जदयू प्रत्याशी के तौर पर गुरुवार को ही बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भी कर दिया।

नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में कहा कि वह अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। उनकी बिहार विधानमंडल और संसद के दोनों सदनों के सदस्य रहने की इच्छा है। वह विधायक, एमएलसी और लोकसभा सांसद रह चुके हैं और अब राज्यसभा सांसद के रूप में नई पारी की शुरुआत करेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अभी इस्तीफा नहीं देंगे नीतीश, पहले सांसद बनेंगे; तब बिहार को मिलेगा नया सीएम

बताया जा रहा है कि नीतीश के राज्यसभा सांसद बनते ही अगले महीने बिहार में नई सरकार का गठन होगा और सूबे को पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्यमंत्री मिलेगा। एक दिन पहले भी जदयू कार्यालय और सीएम आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नीतीश के इस फैसले का विरोध करते हुए हंगामा किया था। शुक्रवार को एहतियातन पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को ब्लॉक कर दिया।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:CM नीतीश के 10 क्रांतिकारी फैसले जिनसे बदली बिहार की सूरत, कई राज्यों ने अपनाया
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।