Bihar Weather: बिहार में दो दिन मौसम सुहाना, कहां-कब होगी बारिश; वज्रपात का येलो अलर्ट भी जारी
Bihar Weather: मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में एक दो स्थानं पर वर्षा की संभावना है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी बारिश होने का अनुमान है।

Bihar Weather: बिहार में मंगलवार और बुधवार को मौसम सुहाना रहेगा। इससे चैती छठव्रतियों को गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। राज्य के तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जरुर होगी। जिससे अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रहेगा। पटना में मंगलवार को सूर्यास्त शाम 6:02 बजे और बुधवार को सूर्योदय सुबह 5:49 बजे होगा। सोमवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान में 5.4 और न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री कैमूर में और सबसे कम तापमान 15.7 डिग्री समस्तीपुर व जीरादेई में दर्ज किया गया। जबकि पटना के अधिकतम तापमान में 5.1 और न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री दर्ज किया गया।
इधर मुजफ्फरपुर जिले में सुबह से ही तेज धूप खिलने के कारण सोमवार को दिन का तापमान जहां चार डिग्री तक बढ़ा, वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि अभी भी दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले में पिछले दिनों बने पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम हो गया है। इस कारण फिलहाल बारिश की संभावना कम है। उन्होंने सप्ताहांत में फिर से बूंदाबांदी की आशंका जताई। इधर, पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान बढ़कर 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
पूर्णिया में कैसा है मौसम
पूर्णिया जिले में मौसम दो दिनों के बाद बदला है। सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। सुबह कड़ी धूप निकली हालांकि दोपहर बाद फिर धूप-छांव शुरू हो गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि 48 घंटे तक आंशिक रूप से बादल रहेगा। पछिया हवा के कारण तापमान बढ़ा है। 48 घंटे के बाद 26 और 27 मार्च को मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है।
बारिश कब होगी
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में एक दो स्थानं पर वर्षा की संभावना है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रोहतास, भभुआ, बक्सर, अरवल औऱ औरंगाबाद में भी इस दिन बारिश का अनुमान जताया है। इसके बाद 27 मार्च को पूरे बिहार में कई जगहों पर बारिश का अनुमान जताया गया है। 28 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में बारिश का अनुमान है।
वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट
इसके अलावा मौसम विभाग ने 26 और 27 मार्च को बिहार के उत्तर पश्चिम एवं दक्षिण-पश्चिम भाग के जिलों में वज्रपात के साथ-साथ 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान जताया है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।। वहीं 27 मार्च को उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम एवं दक्षिण मध्य भाग के जिलों में वज्रपात था तेज हवाएं चलने की संभावना है।




साइन इन