per capita income of bihar is less than uganda and rwanda tejashwi yadav claims and asks 12 questions to nda government बिहार में प्रति व्यक्ति आय युगांडा-रवांडा से भी कम, तेजस्वी यादव ने NDA सरकार से पूछे 12 सवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में प्रति व्यक्ति आय युगांडा-रवांडा से भी कम, तेजस्वी यादव ने NDA सरकार से पूछे 12 सवाल

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, '𝟐𝟎 वर्षों से बिहार और 𝟏𝟏 वर्षों से केंद्र में नीतीश-मोदी की सरकार रहने के बावजूद 𝐍𝐃𝐀 सरकार ने बिहार को बेरोजगारी,पलायन और गरीबी का मुख्य केंद्र बना दिया है।

Mon, 8 Sep 2025 09:08 AMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में प्रति व्यक्ति आय युगांडा-रवांडा से भी कम, तेजस्वी यादव ने NDA सरकार से पूछे 12 सवाल

बिहार चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं। राजनीतिक दल और उनसे जुड़े नेता एक-दूसरे पर लगातार जुबानी हमले कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोशल मीडिया के जरिए भी राज्य की मौजूदा नीतीश सरकार को अक्सर घेरते रहते हैं। अब तेजस्वी यादव ने बिहार में गरीबी और बेरोजगार का मुद्दा उठा कर NDA सरकार से 12 तीखे सवाल पूछ लिए हैं। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में प्रति व्यक्ति आय युगांडा से भी कम हैै।

तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, '𝟐𝟎 वर्षों से बिहार और 𝟏𝟏 वर्षों से केंद्र में नीतीश-मोदी की सरकार रहने के बावजूद 𝐍𝐃𝐀 सरकार ने बिहार को बेरोजगारी,पलायन और गरीबी का मुख्य केंद्र बना दिया है। यह मैं नहीं साल दर साल भारत सरकार की नीति आयोग की रिपोर्ट कह रही है।टेक्नोलॉजी, उदारीकरण और 𝐀𝐈 के दौर के पश्चात् भी विगत 𝟐𝟎 वर्षों में बिहार की प्रति व्यक्ति आय विश्व के सबसे गरीब अफ्रीकी देशों युगांडा और रवांडा से भी कम है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:VIDEO: कीचड़-पानी देख युवक के कंधे पर चढ़े सांसद तारिक अनवर, बाढ़ का जायजा

बिहार के 𝟖 करोड़ युवा 𝟐𝟎 वर्षों के मुख्यमंत्री से निम्नलिखित सवाल पूछना चाहते है:-

𝟏. बिहार में केला, मकई, मखाना, चावल, गन्ना, आलू, लीची, आम इत्यादि अनेक विश्व प्रसिद्ध अनाज, फल, सब्ज़ियों का इतना उत्पादन होता है लेकिन इन सभी से संबंधित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग 𝟐𝟎 वर्षों से बिहार में क्यों नहीं लगाए गए और क्यों नहीं लग सकते ? 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार जवाब दें?

𝟐. बिहार बेरोज़गारी का मुख्य केंद्र क्यों है? 𝟐𝟎 वर्षों की एनडीए सरकार बताए कि बिहार में 𝐈𝐓 कंपनियाँ क्यों नहीं बुलाई गयी? क्यों नहीं आयी और क्यों नहीं आ सकती? बिहार में आईटी पार्क और 𝐒𝐄𝐙𝐬 क्यों नहीं बन सकते?

𝟑. बिहार दूसरे प्रदेशों से मछली ख़रीदता है ? 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार बताए कि बिहार में मछली उत्पादन संबंधित तमाम संसाधन होने के बावजूद यहाँ ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं कर सकते? बिहार में मछली उत्पादन को बढ़ावा देकर, यहाँ ज़िलावार मछली बाज़ार लगाकर मछुआरों की आमदनी और उत्पादन क्यों नहीं बढ़ा सकते?

𝟒. 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार बताए, बिहार में डेयरी प्रॉडक्ट्स यानि दुग्ध उत्पादन संबंधित बड़े उद्योग क्यों नहीं लगाए जा सकते? बिहार का दूध, घी, मक्खन, चीज, पनीर, खोया इत्यादि दूसरे प्रदेशों और देशों में क्यों नहीं भेजा जा सकता?

𝟓. 𝟐𝟎 वर्षों की नीतीश सरकार बताए, बिहार में इंडस्ट्री स्पेसिफिक क्लस्टर या उद्योग-विशिष्ट क्लस्टर क्यों नहीं लगाए जा सकते?

𝟔. 𝟐𝟎 वर्षों की 𝐍𝐃𝐀 सरकार बताए कि इन्होंने बुनकर उद्योग, लघु उद्योग और हथकरघा उद्योग के लिए क्या किया? इनके शासन में बड़े पैमाने पर इन उद्योग़ो को बढ़ावा क्यों नहीं दिया गया?

𝟕. 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार बताए उन्होंने बिहार को अब तक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित क्यों नहीं किया? बिहार में पर्यटन की असीम संभावनाएँ हैं।

𝟖. 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार नियुक्ति, भर्ती परीक्षा और प्रक्रिया को पारदर्शी तथा नियमित क्यों नहीं करती?

𝟗. 𝟐𝟎 वर्षों में बिहार से कुल कितना पलायन हुआ? बिहार में अप्रत्याशित दर से पलायन क्यों बढ़ रहा है?

𝟏𝟎. 𝟐𝟎 वर्षों में पहले से चालू कितने चीनी मिल, जूट मिल, पेपर मिल एवं कुल कितने उद्योग-धंधे और कल-कारख़ाने बंद हुए तथा उससे बिहार को कुल कितने राजस्व व रोज़गार के अवसरों की हानि हुई?

𝟏𝟏. 𝟐𝟎 वर्षों में बिहार का कुल कितने लाख करोड़ रुपए शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर दूसरे प्रदेशों में गया?

𝟏𝟐. बिहार के मानव संसाधन का कुल कितने प्रतिशत बिहार में और कितने प्रतिशत दूसरे प्रदेशों में कार्यरत है?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और 𝟏𝟏 साल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिहार के 𝟖 करोड़ युवाओं के सीने में धधक रहे बेरोज़गारी, पलायन और उद्योग-धंधों से संबंधित इन ज्वलंत सवालों पर मुँह ना छिपाए बल्कि सामने आकर जवाब दें। अगर जवाब नहीं देते है तो इस चुनाव में युवा करारा जवाब देंगे।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में दलितों के बाद मुसलमान सबसे गरीब, किशनगंज में बोले प्रशांत किशोर

आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब तेजस्वी यादव ने इस तरह के सवाल एनडीए सरकार से पूछे हैं। तेजस्वी यादव अक्सर एक्स पर कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी उठाते हैं और नीतीश सरकार को घेरते हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।