pawan singh name final for rajyasabha claim gunjan singh let the notification issued पवन सिंह का राज्यसभा जाना तय है..., दावा कर बोले गुंजन सिंह- नोटफिकेशन आने दीजिए, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पवन सिंह का राज्यसभा जाना तय है..., दावा कर बोले गुंजन सिंह- नोटफिकेशन आने दीजिए

Pawan Singh News; इन अटकलों के बीच भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने एक बड़ा दावा किया है। गुंजन सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान पवन सिंह को राज्यसभा का टिकट दिए जाने से संबंधित एक सवाल पर कहा कि पवन सिंह का राज्यसभा जाना फाइनल ही है। उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन आने दीजिए।

Mon, 2 March 2026 12:26 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पवन सिंह का राज्यसभा जाना तय है..., दावा कर बोले गुंजन सिंह- नोटफिकेशन आने दीजिए

Pawan Singh News: राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव को लेकर बिहार में हलचल तेज है। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह को लेकर कयासबाजी तेज है कि वो इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर राज्यसभा जा सकते हैं। इन अटकलों के बीच भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने एक बड़ा दावा किया है। गुंजन सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान पवन सिंह को राज्यसभा का टिकट दिए जाने से संबंधित एक सवाल पर कहा कि पवन सिंह का राज्यसभा जाना फाइनल ही है। उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन आने दीजिए।

गुंजन सिंह ने कहा, ‘जब क्लीयर हो जाएगा, नोटिफिकेशन आ जाएगा तो सबको पता चल ही जाएगा। लगभग फाइनल ही है। जब तक कोई चीजें हो नहीं जाती हैं, नोटिफिकेशन नहीं आ जाता है तब तक कहना ठीक नहीं है, लेकिन जाना तो तय ही है।’ हाल ही में भोजपुरी अभिनेता ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर भी गुंजन सिंह ने बयान दिया है। गुंजन सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तो मिलना जरुरी भी है। उनका आशीर्वाद लेना भी जरुरी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पवन सिंह की राज्यसभा में एंट्री फाइनल? नितिन नवीन से मुलाकात के बाद क्या बोले

नितिन नवीन से हुई थी पवन सिंह की मुलाकात

बता दें कि कुछ ही दिनों पहले भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद पवन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि नितिन नवीन से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया हैै। जो भगवान चाहेंगे वहीं ना होगा। बता दें कि पवन सिंह के बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त आरा सीट से भी चुनाव लड़ने की खूब चर्चा थी। हालांकि, पवन सिंह ने चुनाव तो नहीं लड़ा था लेकिन उन्होंने उस चुनाव में बीजेपी के लिए जमकर चुनाव प्रचार किया था और इसका परिणाम भी सामने आया था। कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में पवन सिंह की मेहनत को देखते हुए पार्टी उन्हें राज्यसभा सीट बतौर इनाम दे सकती है।

राजद ने चुनाव लड़ने का किया है ऐलान

बिहार के प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी आगामी राज्यसभा चुनाव लड़ने का रविवार को फैसला किया। अब राजद राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के राज्य से सभी पांच सीट पर बिना किसी मुकाबले के जीत हासिल करने के प्रयास को चुनौती देगा। यह निर्णय पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर आयोजित केंद्रीय और राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया, जो देर शाम तक चली थी। हालांकि, पार्टी के नेताओं ने इन अफवाहों पर चुप्पी साध ली कि लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव उम्मीदवार हो सकते हैं।

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने पत्रकारों को बताया, ''केंद्र और राज्य दोनों संसदीय बोर्ड ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (यादव) को राज्यसभा चुनाव पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। जी हां, यह निर्णय लिया गया है कि हम चुनाव लड़ेंगे।'' वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह ने कहा, "हम राज्यसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे।" जब उनसे पार्टी के पास आवश्यक संख्या बल ना होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, "तो क्या हुआ?''

दो सीटें अभी राजद के कब्जे में…

गौरतलब है कि इस महीने के अंत में जिन पांच सीट के लिए चुनाव होने हैं, उनमें से दो वर्तमान में राजद के कब्जे में है। राजद को कुछ महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था और उसके पास उच्च सदन में अपना सदस्य भेजने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं रहा। अब पार्टी के पास 243 सदस्यीय विधानसभा में केवल 25 विधायक हैं और हालांकि उसे कांग्रेस और वाम दलों जैसे महागठबंधन सहयोगियों का पूरा समर्थन मिलने की संभावना है, फिर भी उनकी संयुक्त संख्या 35 राज्यसभा सीट जीतने के लिए आवश्यक न्यूनतम संख्या से लगभग छह सीट कम है।

फिर भी, जब से पांच सीट के लिए चुनाव की घोषणा हुई है, जिनमें से शेष तीन सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास हैं, राजद नेता एक सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं और अपनी उम्मीदें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) पर टिकाए हुए हैं, जिसके विधानसभा में पांच सदस्य हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का एकमात्र विधायक भी है।

BJP ने तय कर लिए हैं उम्मीदवार

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया छह मार्च को समाप्त हो रही है। इनमें से दो सीट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) के पास हैं, जिसके दोनों सीट को बरकरार रखने की उम्मीद है। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार बनाये जाने पर विचार किया जाएगा या नहीं।

विधानसभा में 89 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने दो सीट के लिए अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उम्मीदवारों का चयन "केंद्रीय नेतृत्व" द्वारा किया जाएगा, हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के नामों की चर्चा चल रही है। नितिन नवीन वर्तमान में बांकीपुर से विधायक हैं। जिन सीट पर चुनाव होने हैं, उनमें से एक सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के पास है जो राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा राजग का सबसे छोटा सहयोगी दल है, जिसका लोकसभा में कोई सदस्य नहीं है और केवल चार विधायक हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में महिलाओं को अगली किस्त अप्रैल-मार्च तक, खाते में कितने पैसे आएंगे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।