Pawan Singh has no house flat bank account in Bihar most property asset in Mumbai Lucknow shows MLC election affidavit पवन सिंह का बिहार में बैंक खाता तक नहीं; फ्लैट भी मुंबई और लखनऊ में; राजनीति में घटी कमाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पवन सिंह का बिहार में बैंक खाता तक नहीं; फ्लैट भी मुंबई और लखनऊ में; राजनीति में घटी कमाई

Pawan Singh MLC News: राजनीति के कई सबक सीखने के बाद सुपरस्टार पवन सिंह MLC बनकर चुनावी सफलता का पहला स्वाद चखेंगे। उनके शपथ पत्र से पता चला है कि बिहार में उनके नाम पर ना कोई फ्लैट है और ना ही बैंक खाता।

Wed, 10 June 2026 09:48 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पवन सिंह का बिहार में बैंक खाता तक नहीं; फ्लैट भी मुंबई और लखनऊ में; राजनीति में घटी कमाई

Pawan Singh MLC News: भोजपुर जिला (आरा) के मूल निवासी भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह के नाम से बिहार में ना कोई घर है, ना ही एक भी फ्लैट और ना ही कोई बैंक खाता। पवन सिंह ने बिहार विधान परिषद चुनाव में नामांकन के साथ जो एफिडेविट जमा किया है, उसमें संपत्ति तो बहुत है, लेकिन ज्यादातर मुंबई और लखनऊ में। गाड़ियां भी बहुत हैं, लेकिन ज्यादातर बिहार से बाहर रजिस्टर्ड हैं। लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले सक्रिय हुए पवन सिंह की कमाई राजनीति में आने के बाद घट गई है। इसके बावजूद काराकाट से चुनाव लड़ने के समय घोषित संपत्ति 16.74 करोड़ से 2.70 करोड़ बढ़कर 19.44 करोड़ हो गई है। पवन सिंह के 2024 और अब के शपथ पत्र में घोषित एक ही वित्तीय वर्ष के आय के नंबर बदल गए हैं। ऐसा तब होता है जब आयकर का रिटर्न संशोधित किया जाए।

पवन सिंह की राजनीति में आने के बाद कमाई कैसे घट गई, इसे उनकी वार्षिक आय के बढ़ने और अचानक घटने से समझा जा सकता है। एमएलसी चुनाव में दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक पिछले 5 वित्तीय वर्ष में उनकी सालाना आय क्रमशः 14.91 लाख, 33.94 लाख, 49.83 लाख, 1.38 करोड़ और 93.95 लाख रही है। 2020-21 के 14.91 लाख से बढ़कर 2023-2024 में आय 1.38 करोड़ तक पहुंच गई थी। लेकिन लोकसभा चुनाव में आसनसोल से भाजपा का टिकट लौटाकर काराकाट से लड़ने के कारण उनका काम कई महीने प्रभावित रहा। इसकी वजह से 2024-25 की कमाई में 44 लाख की कमी आ गई।

पवन सिंह के नाम पर जो घर और फ्लैट हैं, वो सब मुंबई और लखनऊ में हैं। पवन सिंह काफी समय से लखनऊ को केंद्र बनाकर काम कर रहे हैं। पवन सिंह के पास मुंबई में 4 और लखनऊ में 2 फ्लैट हैं। इन सबकी कीमत इस समय 7.73 करोड़ है। पवन सिंह के पास बिहार में कुछ जमीन है। आरा में लगभग एक एकड़ की खेती की जमीन है। पटना और आरा में दो गैर कृषि जमीन भी है। आरा में ही दो व्यावसायिक जमीन हैं, जिसमें एक प्लॉट 4.16 करोड़ की है। पवन सिंह की अचल संपत्ति का बाजार भाव 13 करोड़ से ऊपर है।

पवन सिंह की चल संपत्ति 6.44 करोड़ है। इसमें नकद, बैंक जमा, गाड़ी और जेवरात भी शामिल हैं। पवन के नाम से 3 और उनकी फिल्म प्रोडक्शन कंपनी मां अम्मा फिल्म्स के नाम से 2 बैंक खाते हैं, जिनमें 1.64 करोड़ रुपये जमा हैं। ये सारे बैंक खाते मुंबई और लखनऊ से चल रहे हैं। 2.68 करोड़ रुपये की लैंड क्रूजर गाड़ी समेत पवन सिंह के पास 6 वाहन हैं, जिनकी कुल कीमत 3.83 करोड़ है। इनमें एक कार आरा, तीन गाड़ी लखनऊ और एक स्कूटी मुंबई में रजिस्टर्ड है। छठी गाड़ी का नंबर आना बाकी है।

सवा दो करोड़ के कर्जदार भी हैं पवन सिंह, घर और गाड़ी का लोन चुका रहे हैं

19.44 करोड़ की संपत्ति के स्वामी पवन सिंह पर दो होम लोन और दो ऑटो लोन का कुल मिलाकर 2.23 करोड़ रुपये बकाया भी है। केस-मुकदमों की बात करें तो पवन सिंह पर 6 मामले चल रहे हैं, जिसमें 4 चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के हैं। बाकी मामलों में एक शारीरिक शोषण और दूसरा धोखाधड़ी का है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मन्नत पूरी होते ही मां भलुनी भवानी धाम पहुंचे पवन सिंह, उमड़ी भीड़
ये भी पढ़ें:भाजपा की राजनीति में छाया बड़हरा, राज्यसभा में शिवेश राम के बाद विप में पवन सिंह को जगह
ये भी पढ़ें:पवन सिंह के 5 रिकॉर्ड्स, आज तक नहीं तोड़ पाया कोई, दूर दूर तक नहीं हैं खेसारी लाल
ये भी पढ़ें:पवन सिंह को पसंद थी पातर छितर अक्षरा लेकिन फिर कैसे मचा बवाल, जानें उनक लवस्टोरी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।