Patna Rain Storm havoc many died injured trees fallen vehicles crushed massive traffic jam आंधी-बारिश से पटना में भारी तबाही, 4 की मौत; जगह-जगह पेड़ गिड़ने से शहर अस्त-व्यस्त, भीषण जाम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आंधी-बारिश से पटना में भारी तबाही, 4 की मौत; जगह-जगह पेड़ गिड़ने से शहर अस्त-व्यस्त, भीषण जाम

पटना में गुरुवार शाम को आधे घंटे के लिए आई तूफानी बारिश ने शहर में तबाही मचा दी। जगह-जगह पेड़ गिरने से गाड़ियां उसके नीचे दब गईं। 4 लोगों की मौत हो गई। शहर में भीषण जाम की स्थिति है।

Fri, 8 May 2026 06:37 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, पटना
share
आंधी-बारिश से पटना में भारी तबाही, 4 की मौत; जगह-जगह पेड़ गिड़ने से शहर अस्त-व्यस्त, भीषण जाम

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार दोपहर बाद बिगड़े मौसम ने जनजीवन को बुरी तरह अस्तव्यस्त कर दिया। आंधी के साथ हुई बारिश से जगह-जगह पेड़ गिर गए और टीन-छप्पर उड़ गए। कई गाड़ियां पेड़ों के नीचे दब गईं। पेड़ के नीचे दबने से ऑटो सवार 3 लोगों की मौत की सूचना है। एक नारियल विक्रेता की भी मौत हुई है। कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिल रही है। लगभग आधा घंटा की आंधी और बारिश से पटना में तबाही भरा मंजर बन गया। दोपहर के समय काले बादल छाने से अंधेरा छा गया, तो बादल छंटने के बाद फिर से सूरज भी निकल गया। बरसात के बाद पटना की सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। पटना जू को बंद कर दिया गया है।

पटना में शाम 4 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। आंधी की वजह से कई इलाकों में पेड़ सड़क और घर-दुकानों पर गिर गए। पटना हाईकोर्ट के पास पेड़ गिर गया। सचिवालय में खड़ी कार के ऊपर एक पेड़ गिरा है।

टेंपो पर पेड़ गिरने से 3 लोगों की मौत

राजवंशी नगर के पास सड़क पर एक टेंपो पर पेड़ गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं, एक कार पर पेड़ गिरने से उसका ड्राइवर भी घायल हो गया। पटना वेटनरी कॉलेज के पीछे वाले रास्ते में कर्मचारी चयन आयोग के पास एक कार के ऊपर पेड़ गिरने की सूचना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में दिन में 4 बजे छाया अंधेरा, तेज बारिश; 6 जिलों में भी रेड अलर्ट

सर्कुलर रोड ब्लॉक

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास के बाहर एक विशाल पेड़ सड़क पर आकर गिर गया। इससे रोड पूरी तरह ब्लॉक हो गया। रास्ता बंद होने से इस रोड पर गाड़ियों की कतार लग गई। सर्कुलर रोड से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले अणे मार्ग गेट पर भी पेड़ गिर गया।

RJD कार्यालय में बाल-बाल बचे तेजस्वी और कात्यायनी

पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यालय परिसर में शुक्रवार को आई तेज आंधी से आम का एक पेड़ गिर गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उस वक्त अपनी बेटी कात्यायनी के साथ कार्यालय में मौजूद थे। प्रेसवार्ता के बाद तेजस्वी कमरे में बैठे ही थे कि तेज आंधी से पेड़ गिर गया। इससे उनकी एस्कॉर्ट की एक गाड़ी का शीशा फूट गया। तेज आंधी के बीच तेजस्वी को कार्यालय के पीछे बने बोर्ड रूम में ले जाया गया।

डिज्नीलैंड मेला में दुकानें तबाह, घर पर गिरा पेड़

पटना में इस्कॉन मंदिर के सामने डिज्नीलैंड मेला परिसर में भी आंधी से भारी नुकसान हुआ। मेला परिसर के बीच एक घर के ऊपर पेड़ टूटकर गिर गया। वहीं मेले में लगीं कई दुकानें आंधी की चपेट में आने से ध्वस्त हो गईं। दुकानदारों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है।

डिज्नी मेला परिसर में आंधी से तबाही

सड़कों पर भीषण जाम

आंधी बारिश के बाद पटना की सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। जगदेव पथ से पटना जू जाने वाली लेन पर भयानक जाम लग गया। गाड़ियां रेंग-रेंगकर चलने लगीं। नेहरू पथ फ्लाईओवर पर भी एक घंटे से ज्यादा समय तक भीषण जाम की स्थिति बनी है। देशरत्न मार्ग पर पेड़ गिरने से रास्ता ब्लॉक हो गया। विधान परिषद की ओर जाने वाले रास्ते में भी पेड़ गिरा है।

वट वृक्ष गिरने से शिव मंदिर ध्वस्त

खाजेकला थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ला में एक पुराना वट वृक्ष आंधी में टूटकर शिव मंदिर पर गिर गया। इससे मंदिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे आसपास के तीन घरों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, बिजली के तार टूटने से इलाके की पावर सप्लाई बाधित हो गई।

पटना में शिव मंदिर पर गिरा पेड़
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:TRE Protest LIVE: लाठीचार्ज, मेघ के बाद भी डटे बेरोजगार; नेता छूटेगा, तभी वार्ता

गर्दनीबाग में पेड़ के नीचे दबा शख्स, एनडीआरएफ पहुंची

पटना में तबाही मचने के बाद जिला प्रशासन एक्टिव हो गया है। डीएम ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों, वन विभाग के अफसरों और बिजली एवं पथ निर्माण विभाग के इंजीनियरों को सक्रिय कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारी शहर में घूम-घूमकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। गर्दनीबग में पेड़ के नीचे एक व्यक्ति के फंसने की सूचना है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है, बचाव कार्य शुरू हो गया है।

पटना जू बंद, कोलकाता से आ रही फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट

पटना स्थित चिड़ियाघर को शनिवार तक बंद कर दिया गया है। जू में कई जगहों पर आंधी-पानी से पेड़ गिर गए। उन्हें हटाने के बाद ही चिड़ियाघर को खोला जाएगा। वहीं, खराब मौसम के कारण कोलकाता से पटना आने वाल विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया है।

(पटना से हिन्दुस्तान संवाददाताओं के इनपुट के साथ)

Patna Storm Tree fallपेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्तकार पर गिरा पेड़सड़क जाम पेड़ गिरने से
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।