गोपाल खेमका के मोबाइल की भी जांच, पुलिस की पूछताछ में शूटर उमेश दोहरा रहा पुरानी बातें; शातिर बन रहा अशोक
पुलिस पूछताछ कर अन्य जानकारी हासिल करने के लिए मास्टरमाइंड और शूटर को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में शूटर उमेश पुरानी बातें दोहरा रहा है। हालांकि घटना का साजिश रचने वाला मास्टरमाइंड पूछताछ में काफी शातिराना तरीके से पेश आ रहा है। कई सवालों का जवाब वह गोलमोल बातों से दे रहा है।

उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में रिमांड पर लिए गए मास्टरमाइंड अशोक साव और शूटर उमेश यादव से एसआइटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तीसरे दिन भी कई घंटे पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने एक कड़ी को दूसरे से जोड़ने सहित इस मामले में पर्दे के पीछे मौजूद लोगों की पहचान के लिए आरोपितों से सवाल-जबाव किए।
कई संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है पुलिस
पूछताछ के केंद्र में मास्टर माइंड रहा। अबतक की जांच में पुलिस को अशोक साव के संपर्क में रहे 10 नजदीकियों का पता चला। वे सभी पुलिस की रडार पर हैं। वहीं, पुलिस ने कई संदिग्धों से भी पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की कि उद्योगपति की हत्या का मामला किस जमीन से जुड़ा है। इस हत्याकांड में पुलिस ने मास्टरमाइंड अशोक साव और शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार किया था। वहीं बाद में अपराधी विकास उर्फ राजा को हिरासत में लिया था। अगले दिन उसका एनकाउंटर हो गया था।
मास्टरमाइंड और शूटर को पांच दिन की रिमांड पर लिया
पुलिस पूछताछ कर अन्य जानकारी हासिल करने के लिए मास्टरमाइंड और शूटर को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस पूछताछ में शूटर उमेश पुरानी बातें दोहरा रहा है। हालांकि घटना का साजिश रचने वाला मास्टरमाइंड पूछताछ में काफी शातिराना तरीके से पेश आ रहा है। कई सवालों का जवाब वह गोलमोल बातों से दे रहा है।
दरअसल, उद्योगपति की हत्या में भले ही अशोक पहली बार गिरफ्तार हुआ है। लेकिन, गोपाल खेमका से पहले भी उसका नाम पटना के चर्चित मनोज कमलिया और टेकरीवाल हत्याकांड में आ चुका है। पुलिस को अशोक साह के मोबाइल में जमीन विवाद से संबंधित कई रिकॉर्डिंग मिली है। इससे यह तो स्पष्ट है कि खेमका की हत्या जमीन विवाद में ही हुई है।
आने वाले समय में कई बड़े नाम वालों की गिरफ्तारी
इस हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं, पुलिस मास्टरमाइंड से उनका नाम उगलवाने की कोशिश में लगी है। स्थानीय पुलिस अधिकारी की मानें तो पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली है। इसके आधार पर आने वाले समय में कई बड़े नाम वालों की गिरफ्तारी हो सकती है।
गोपाल खेमका के मोबाइल की जांच भी हो रही
अशोक ने ही शूटर को हत्या के लिए नाइन एमएम पिस्टल उपलब्ध करवाई थी। पुलिस ने इस संबंध में भी मास्टरमाइंड से पूछताछ की कि यह पिस्टल उसने किससे, कब और कहां से मंगवाई थी? पिस्टल किसी अपराधी से मंगवाई गई थी अथवा हथियार तस्कर से खरीदी गई थी? उधर तकनीकी टीम अन्य तथ्यों की जानकारी के लिए मास्टरमाइंड के मोबाइल और पेन ड्राइव सहित गोपाल खेमका के मोबाइल की जांच भी कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इन मामले में भी पुलिस को जानकारी मिली है। इसके आधार छापेमारी की जा रही है। जल्द पुलिस आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर भी हत्याकांड के संबंध में पूछताछ कर सकती है।




साइन इन