गोपाल खेमका केस में अशोक साव के मोबाइल रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच, जमीन के दस्तावेजों को भी खंगालने की तैयारी
पुलिस को अशोक साव के मोबाइल से मिली बातचीत की कई संदिग्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के विश्लेषण से भी नये साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। ऑडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि उसे ठोस साक्ष्य के रूप में पेश किया जा सके।

कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब बिहार पुलिस उनके विरुद्ध मिले साक्ष्यों को पुख्ता बनाने में जुटी है। पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग की ऑडियो और बैलेस्टिक जांच से सबूत जुटाएगी। पुलिस के मुताबिक, शूटर उमेश यादव के घर से मिली हत्या में प्रयुक्त एक नाइन एमएम की पिस्टल, उसकी दो मैगजीन और 14 कारतूस इस हत्याकांड का सबसे बड़ा साक्ष्य होगा। उमेश यादव को यह पिस्टल हत्या की सुपारी देने वाले व्यवसायी अशोक साव ने ही मुहैया करायी थी। बैलेस्टिक जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। साथ ही पुलिस को अशोक साव के मोबाइल से मिली बातचीत की कई संदिग्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के विश्लेषण से भी नये साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। ऑडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि उसे ठोस साक्ष्य के रूप में पेश किया जा सके। अशोक साव और उमेश यादव के बीच पिछले डेढ़ महीने के दौरान हुई बातचीत और अशोक साव के घर से मिले जमीन के दस्तावेजों का भी विश्लेषण कराया जा रहा है।
बिहार पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान अशोक साव के पटना स्थित उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट से .38 बोर की एक पिस्टल और उसकी 17 राउंड गोलियां मिली थीं। वहीं, शूटर उमेश के घर से नाइन एमएम की पिस्टल, कारतूस के अतिरिक्त 7.62 राउंड के 63 कारतूस बरामद हुए थे। अब पुलिस इन हथियार और कारतूसों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। खास कर नाइन एमएम हथियार को लेकर पुलिस संवेदनशील है। डीजीपी विनय कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में स्पष्ट कहा था कि हत्याकांड के कई पहलुओं पर अब भी जांच चल रही है। कई लोग अनुसंधान के दायरे में हैं।
पिछले माह नालंदा में साढ़े चार हजार कारतूस मिले थे
एसटीएफ और नालंदा पुलिस ने पिछले महीने ही नालंदा जिले के सोहसराय और बागान बिगहा इलाके में छापेमारी कर साढ़े चार हजार से अधिक कारतूस बरामद किए थे। इनमें 523 राउंड गोलियां नाइन एमएम पिस्टल की थी। यह गोलियां उत्तर प्रदेश के कानपुर से बिहार के मोहनियां बॉर्डर के रास्ते लाई गई थीं। एसटीएफ इस मामले की जांच कर रही है।




साइन इन